Taj Mahotsav 2020: सियाराम के जयघोष से होगा महोत्सव का आगाज, शिवरात्रि पर होगी नृत्य नाटिका Agra News
शिल्पग्राम में 18 से 27 फरवरी तक होने वाले ताज महोत्सव की कमिश्नर अनिल कुमार ने दी जानकारी।
आगरा, जागरण संवाददाता। सियाराम के जयघोष के साथ होगा शिल्प और संस्कृति के महोत्सव का आगाज। 18 फरवरी को उद्घाटन के अवसर पर सियाराम परमधाम नामक नृत्य नाटिका मुख्य आकर्षण होगी। इतना ही नहीं 21 फरवरी को शिवरात्रि के अवसर पर गंगा अवतरण नृत्य नाटिका शिव महिमा का बखान भी करेगी। महोत्सव से एक दिन पूर्व हुई प्रेस वार्ता में यह जानकारी कमिश्नर अनिल कुमार ने दी है।
मंगलवार से 27 फरवरी तक आयेाजित होने जा रहे ताज महोत्सव के लिए शिल्पग्राम में सोमवार को प्रेसवार्ता रखी गई थी। कमिश्नर ने बताया कि देश भर से आये 258 शिल्पी महोत्सव में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन के अवसर पर होने वाले मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का नाम सियाराम परम धाम है। जिसका आरंभ सियाराम के जयघोष से होगा। पूर्व में भी राम पर आधारित नाटिका से आयोजन की शुरुआत हो चुकी है। कमिश्नर कहा कि महोत्सव के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 24 फरवरी को होने वाले आगरा दौरे से लोगों को अधिक परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जाएगा।
पूरी हुईं तैयारियां
शिल्पग्राम में साज-सज्जा व अन्य व्यवस्थाएं करने का काम दिन-रात चल रहा है। सोमवार सुबह से ही शिल्पी आनेे शुरू हो गए हैं। स्टॉल आवंटन भी किया जा रहा है। 10 दिन तक मुख्य मंच देश के कोने-कोने से जुटे कलाकारों की प्रस्तुतियों से झंकृत होगा।
ताज महोत्सव की थीम इस बार संस्कृति के रंग-ताज के संग रखी गई है। 18 से 27 फरवरी तक शिल्पग्राम और सूरसदन में प्रस्तुतियां होंगी। 19 से 27 फरवरी तक सदर बाजार स्थित मुक्ताकाशीय मंच पर शाम को कार्यक्रम होंगे। शिल्पग्राम में देश के कोने-कोने से शिल्पी आ रहे हैं। इसके लिए यहां 360 स्टॉल बनाई गई हैं, जिनमें करीब 270 स्टॉल शिल्पियों के लिए निर्धारित हैं। महोत्सव में भाग लेने को सोमवार से शिल्पियों का पहुंचना और स्टॉल आवंटन शुरू हो जाएगा। इस बार महोत्सव में सामाजिक संदेशों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
यहां का शिल्प मिलेगा
वाराणसी का सिल्क, लखनऊ का चिकन, पंजाब की फुलकारी, सहारनपुर का फर्नीचर, भदोही का कारपेट, खुर्जा की पॉटरी, कश्मीर का शूट व पश्मीना शॉल, फरीदाबाद का टेराकोटा, प. बंगाल की कांथा साड़ी आदि।
यह भी हैं आकर्षण
- 22 फरवरी: होटल क्लार्क शीराज मेकं स्फीहा और टूरिज्म गिल्ड द्वारा सेमिनार बियोंड द ताज।
- 19 से 21 फरवरी: ट्रैवल राइटर्स और ट्रैवल ब्लॉगर्स कॉन्क्लेव होगा। 21 फरवरी को होटल ताज खेमा में ओपन सेशन होगा।
- 22 व 23 फरवरी: अशोक कॉसमॉस मॉल में आगरा ग्रीन फेस्टिवल।
- शिल्पग्राम में अंतरिक्ष वेधशाला व रेलवे की प्रदर्शनी।
ताज महोत्सव में नजर आएगा रेलवे का इतिहास
ताज महोत्सव में भारतीय रेल के गौरवमयी इतिहास के साथ जनोपयोगी जानकारी मिलेगी। लोहे की रेल के साथ लकड़ी और कागज की रेल लोगों को आकर्षित करेगी। रेलवे ताज महोत्सव में प्रदर्शनी का आयोजन करेगा। इसमें रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। ताज महोत्सव के तहत शिल्पग्राम में प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। रेलवे का जनसंपर्क विभाग कई वर्षो से ताज महोत्सव में प्रदर्शनी लगा रहा है। महोत्सव में लग-अलग तरह के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इस बार प्रदर्शनी के लिए कपूरथला, बनारस, पटियाला, जोधपुर, झांसी, इलाहाबाद, चितरंजन सहित अन्य स्थानों से मंगाए गए मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा रेलवेकर्मी ताज महोत्सव में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से धूमपान के दुष्प्रभाव, रेलवे के इतिहास और ट्रेनों के संबंध में जानकारी भी देंगे।
ये होंगे आकर्षण का केंद्र
- सबसे पुराना स्टीम इंजन डब्ल्यूपी
- आइआरएस कोच
- मालगाड़ी के डिब्बे: बॉक्स वैगन, केसी वैगन, बॉक्स एन वैगन
- डीजल एवं शंटिंग इंजन
- ओएचई निरीक्षण यान
- लोकोमोटिव इंजन