Taj Mahal Unlock: पहले भी कैद में रही है संगमरमरी इमारत, पर इस बार बना ये नया रिकॉर्ड
Taj Mahal Unlock 111 दिन की बंदी के बाद खुलेगा ताजमहल। इससे पूर्व 15 व सात दिन के लिए बंद रहा था।
आगरा, निर्लोष कुमार। ताजमहल छह जुलाई को 111 दिन की बंदी के बाद खुलेगा। कोविड-19 के काल के चलते ताजमहल बंद रहने का यह रिकॉर्ड है। इससे पूर्व ताजमहल दो बार 15 व सात दिनों को पर्यटकों के लिए बंद रह चुका है। अन्य स्मारक पहली बार बंद किए गए हैं।
ताजमहल के इर्द-गिर्द ही देश का पर्यटन उद्योग घूमता है। यही कारण है कि कोविड-19 के चलते 17 मार्च से ताजमहल व अन्य स्मारकों को बंद किए जाने से पर्यटन उद्योग का पहिया थम गया था। साढ़े तीन माह से आगरा के होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, एंपोरियम भी इसके चलते बंद हैं। उन्हें आठ जून से खोलने की अनुमति मिल गई थी, लेकिन संचालकों ने स्मारकों के खुले बगैर उन्हें खोलना उचित नहीं समझा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा संरक्षित घोषित किए जाने के बाद ताजमहल व अन्य स्मारकों के बंद रहने का कोविड-19 में नया रिकॉर्ड बना है। इससे पूर्व ताजमहल को भारत-पाक युद्ध, 1971 के दौरान चार से 18 दिसंबर तक 15 दिनों के लिए और सितंबर, 1978 में यमुना में बाढ़ के चलते सात दिन तक बंद रखा गया था। छह जुलाई को ताजमहल 111 दिनों की बंदी के बाद खुलेगा।
वर्ष 1971 में ताज के संरक्षण सहायक रहे (अब सेवानिवृत्त हो चुके) एसके शर्मा के अनुसार 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान ताजमहल को पूरी तरह पेड़ों की टहनियों से ढक दिया गया था। युद्ध चार से 16 दिसंबर तक चला था, लेकिन उसकी सफाई में दो दिन और लगने से यह पर्यटकों के लिए चार से 18 दिसंबर तक बंद रहा था। वहीं, एएसआइ से वरिष्ठ संरक्षण सहायक के पद से सेवानिवृत्त हुए आरके दीक्षित के अनुसार सितंबर, 1978 में यमुना में बाढ़ आई थी। पर्यटक ताज से यमुना में पानी देखने पहुंचते थे। सुरक्षा की दृष्टि से तब सात दिन तक पर्यटकों के लिए बंद रहा था। कोविड-19 काल में यह सबसे अधिक दिनों के लिए बंद हुआ है।