ताजमहल पर दीपावली की छुट्टियों में उमड़ी भीड़, चार दिन में 1.50 लाख से ज्यादा टूरिस्ट आए
दीपावली की छुट्टियों में आगरा के ताजमहल पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। पिछले चार दिनों में 1.50 ...और पढ़ें

ताजमहल में एंट्री पाने के लिए लगी लाइनें।
जागरण संवाददाता, आगरा। दीपावली की छुट्टियों में ताजमहल पर पर्यटकों की लंबी लाइन लग रही है। गुरुवार को 35 हजार से अधिक पर्यटकों ने ताजमहल देखा। पिछले चार दिनों में 1.50 लाख से अधिक पर्यटक ताजमहल देख चुके हैं। दोपहर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ ही पार्किंग भी फुल हो गईं। सड़कों पर वाहन खड़े करने पड़े।
ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या चौथे दिन भी कम नहीं हुई। सुबह से ही ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी, दोपहर में पश्चिमी गेट की टिकट विंडो, टर्न स्टाइल गेट पर टिकट स्कैनिंग, सुरक्षा जांच के लिए पर्यटकों की लंबी लाइन लग गई। 30 मिनट से अधिक लाइन में लगने के बाद पर्यटकों को प्रवेश मिल सका। वहीं, पर्यटकों की संख्या अधिक होने से पार्किंग भी फुल हो गई। वाहनों को खड़े करने में भी समस्या आई।
रविवार को 22 हजार से अधिक पर्यटकों ने ताजमहल देखा था लेकिन सोमवार से पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी। 30 हजार से अधिक पर्यटक ताजमहल देखने पहुंच आ रहे हैं। गुरुवार को 32018 भारतीय और 3613 पर्यटकों ने टिकट लेकर ताजमहल देखा।
इनके साथ 15 वर्ष से कम आयु के बच्चे भी आते हैं इनका प्रवेश निश्शुल्क है। इस तरह चार दिन में 1.50 लाख पर्यटक ताजमहल देख चुके हैं। शुक्रवार को ताजमहल बंद रहेगा। सप्ताहंत में शनिवार और रविवार को भी पर्यटकों की भीड़ रह सकती है।