Citizenship Amendment Act: स्वतंत्र देव बोले, कांग्रेस नहीं चाहती देश की खुशी- प्रगति Agra News
मैनपुरी में क्षेत्रीय मंडल प्रवासीय कार्यशाला में शामिल होने आए थे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष।
आगरा, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर देश में कई जगह हो रहे विरोध के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विरोधी दलों को जिम्मेदार ठहराया। प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस देश की न खुशी चाहती है और न ही तरक्की। राष्ट्रहित और शोषितों-पीडि़तों के हित के लिए बनाए गए कानून पर भी गलत बयानी कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
मंगलवार को मैनपुरी में आयोजित क्षेत्रीय मंडल प्रवासीय कार्यशाला में शामिल होने आए प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से वार्ता में यह बात कही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीएए का देश के निवासी किसी भी व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। यह पड़ोसी देशों के पीडि़त-उत्पीडि़त अल्पसंख्यकों की मदद के लिए बनाया गया है। यह नागरिकता देने के लिए है, किसी की नागरिकता छीनने के लिए नहीं। परंतु राष्ट्रहित में लिए गए इस फैसले का विरोधी दल अपने सियासी फायदे के लिए विरोध कर रहे हैं। गलत बयान दिए जा रहे हैं।
कांग्रेस के लगतार विरोध के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश के हित के लिए जो भी जरूरी होगा, वह फैसला लेते रहेंगे। कांग्रेस देश की प्रगति नहीं चाहती। गांव-गरीब की खुशहाली उसे पसंद नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई गई योजनाओं से गरीब और गांवों में प्रगति हो रही है। उन्होंने धारा 370 और पाकिस्तान में सर्जिकल व एयर स्ट्राइक का हवाला देते हुए कहा कि यदि देश का नेतृत्व मजबूत नहीं होता तो ये फैसले शायद हो ही नहीं पाते। कांग्रेस ने राष्ट्रहित के इन मुद्दों पर भी सवाल उठाए थे।