आगरा में समाजवादी पार्टी की चौपाल में विरोध की जगह हो गया कृषि कानून का समर्थन, दो नेताओं पर गिरी गाज
नए कृषि कानून के खिलाफ समाजवादी पार्टी गांव-गांव किसानों के बीच जाकर चौपाल आयोजित कर रही है। आगरा में दो विधानसभा क्षेत्रों में सपा नेता कानून का समर्थन करते हुए किसानों को विरोध करने से रोक रहे थे। इन नेताओं के वीडियो वायरल हो गए।
आगरा, जागरण संवाददाता। समाजवादी पार्टी कृषि कानूनों के विरोध में गांव-गांव चौपाल आयोजित कर रही है। इसमें पार्टी नेता कृषि कानून के विरोध में किसानों के साथ चर्चा कर रहे हैं। उन्हें इस कानून के दुष्परिणामों के बारे में बता रहे हैं। वहीं, पार्टी के कुछ नेता अपनी चौपलों में इस कानून का समर्थन करते हुए किसानों को विरोध करने से रोक रहे हैं। उन्हें ऐसा करना भारी पड़ गया है।
ये दोनों नेता है बाह और एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष। बाह के अध्यक्ष राकेश धनगर और एत्मादपुर के अध्यक्ष कृपा शंकर बघेल, इन दोनों का ही एक वीडियो पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों पर पहुंचा। पता चला कि ये दोनों नेता सत्ताधारी दल के एक सजाति नेता का समर्थन करते हुए अपनी पार्टी के गाइड लाइन के विपरीत काम कर रहे थे। किसानों को इस कानून के दुष्परिणामों से अवगत कराने की बजाय, इसकी फायदे गिना रहे थे। पार्टी निर्देश के विपरीत गुपचुप तरीके से कृषि कानून के समर्थन में बैठकें करने पर उन्हें अपने पद से हाथ धोना पड़ा है। जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल का कहना है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते दोनों विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को पदमुक्त कर दिया गया है। इससे पहले जिला महासचिव को भी हटाया गया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने गुपचुप तरीके से अपने ही जिलाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इसकी जानकारी जब संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को हुई तो उन्होंने जिला महासचिव को उनके पद से हटा दिया।