आगरा, जागरण संवाददाता। गर्मी के इस मौसम में हर वक्त मन करता है कि कुछ ठंडा पीया जाए, गले को थोड़ी तरावट दी जाए लेकिन गले की ठंडक के चक्कर बहुत बार हम अपने पेट को कष्ट दे देते हैं। बाजार की सॉफ्ट ड्रिंक स्वाद में अच्छी लगती हैं, गले को भी ठंडक देती हैं लेकिन उनके एसिड पेट की अच्छी खास हालत खस्ता कर देते हैं। इसलिए बेहतर यही होता है कि हम सभी अपनी और अपने परिवार की सेहत को ध्यान में रखते हुए घरेलू और देसी आइटम्स का अधिक उपयोग करें। गृहणी अंजू रानी के अनुसार वे अपने परिवार की सेहत को ध्यान में रखते हुए देसी ड्रिंक्स घर पर ही बनाती हैं जाेकि शरीर को ठंडक का अहसास तो देती ही हैं साथ ही शरीर की ताकत बढ़ाती हैं और स्वस्थ रखती हैं। क्योंकि ये प्रोटीन, विटमिन्स और अन्य न्यूट्रिएंट्स से भरपूर होती हैं।
पांच सुपर कूल देसी ड्रिंक्स
1- सत्तू
चने, सोयाबीन और जौ से बना सत्तू जितना बनाने में आसान है उतना ही पचाने में भी। इसके अलावा जरा सी बर्फ डालकर इसे पीने से शरीर को तरावट मिलती है जोकि लंबे समय तक रहती है। सत्तू में इतने गुण होते हैं कि इसे पूर्ण पोषण आहार की संज्ञा दी गइ है। सत्तू को पानी और चीनी मिलाकर मीठा भी पीया जा सकता है और इसमें पानी के साथ नमक, भुना जीरा, पुदीना और बारिक प्याज काटकर मिलाकर भी पीया जा सकता है।
2- तड़का लगी छाछ
मार्केट में कई तरह की छाछ मिलती हैं। जैसे, प्लेन छाछ, मसाला छाछ और स्वीट छाछ। आप इनमें से किसी का भी सेवन करके तुरंत ठंडक पा सकते हैं और शरीर को हाइड्रेट रख सकते हैं। प्लेन छाछ लेकर घर में भी आप इम्युनिटी बूस्टर मसाला छाछ तैयार कर सकते हैं। जीरा, अजवाइन और हींग तवे पर भून लें। इसके लिए घी या तेल का उपयोग ना करें। जब ये अच्छी तरह भुन जाएं तो इन्हें अदरक कूटने वाले इमामदस्ते में कूट लें। फिर छाछ में मिलाएं और साथ में स्वादानुसार काला नमक मिला लें। यह छाछ शरीर को ठंडा रखने के साथ ही पाचनतंत्र को भी सही बनाए रखती है।
3- गुड़ के साथ प्लेन छाछ
शहर में पले-बढ़े बच्चों को कम ही पता है कि गांवों में छाछ को गुड़ के साथ भी पिया जाता है। आप दोपहर के नाश्ते में एक गिलास प्लेन छाछ और थोड़ा-सा गुड़ लेकर इनका सेवन करें। आपको ठंडक और एनर्जी दोनों का लाभ मिलेगा। थकान और आलस चुटकियों में दूर हो जाएगा।
4- दही की लस्सी
दही की लस्सी पेट को तुंरत ठंडक देती है। यह पाचन और पेट हेल्थ दोनों के लिए अच्छी होती है। आप हर दिन नाश्ते और लंच के बीच वाले ब्रेक में या फिर दोपहर में स्नैक्स टाइम में इसका सेवन करें।
5- आम का पना
लू से बचाने और गर्मी में शरीर को ठंडक देने के लिए आम का पना भी बेहतरीन देसी ड्रिंक है। आप इसका स्वाद हर दिन लें। दिन में दो से तीन बार इसका सेवन कर सकते हैं।
a