शिक्षा राज्यमंत्री बोले, विपक्षी दलों को सोशल मीडिया पर जवाब दें युवा
आगरा लोकसभा क्षेत्र के युवा सम्मेलन को संबोधित करने आए थे मंत्री संदीप सिंह। युवाओं से कहा चुनावों में घर से बाहर निकलें युवा।
आगरा जागरण संवाददाता। भाजपा युवा मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करने आगरा आए बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि युवावर्ग आज हर चुनौती के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विभिन्न वर्ग के लिए जो योजनाएं चलाईं उन्हें जन- जन तक पहुंचाया भी है। संदीप सिंह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने देश ही नहीं विदेशों में भारत का मान बढ़ाया है।
आगरा लोकसभा क्षेत्र के युवाओं का सम्मेलन शाहगंज स्थित कृष्णा वाटिका में हुआ था। राज्यमंत्री ने युवाओं को सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक सक्रिय रहने को कहा। कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सपा, बसपा, कांग्रेस आदि विपक्षी दल मोदी सरकार का दुष्प्राचार कर रहे हैं। ऐसे में युवा सतर्क रहें। सरकार की नीतियों और योजनाओं का सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक प्रचार कर विरोधियों को जवाब दें। युवाओं में जोश भरते हुए मंत्री बोले कि युवा चुनाव के लिए घर से निकल कर बाहर आएं। प्रदेश सरकार के कार्यकाल को दो वर्ष पूरे होने के सवाल पर कहा कि योगी सरकार ने हर वर्ग के लिए विशेषकर अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के लिए कार्य किया है। अभी लंबा सफर तय करना है। हर हाल में प्रदेश की सूरत बदलेगी। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को कृषि यंत्र पर सब्सिडी उपलब्ध कराई गई, युवाओं के व्यक्तित्व विकास के लिए कार्य किये जा रहे हैं। कानून व्यवस्था को भी दुरुस्त करने की पूरी कवायदें चल रही हैं। स्थिति बदलेगी जरूर।