हंगामा करने पर दर्ज हुआ था मुकदमा, हंगामे से वापस करवाने की है अब योजना
नगर निगम का विशेष सदन बुधवार को है। सदन में पार्षदों द्वारा हंगामा करने की संभावना देखी जा रही है।
आगरा [जेएनएन]: बुधवार को नगर निगम का विशेष सदन है। संभावना देखी जा रही है कि बुधवार हंगामेदार रहेगा। पार्षद, साथी पांच पार्षदों पर दर्ज मुकदमे की वापसी की मांग को लेकर हंगामा कर सकते हैं।
नगर निगम का सदन 17 अक्टूबर की दोपहर 12 बजे से सदन सभागार में शुरू होगा। पांच भाजपा पार्षदों पर दर्ज मुकदमे की वापसी सहित अन्य मांगों को रखा जाएगा, जिस पर हंगामा होने के आसार हैं। विशेष सदन को लेकर मंगलवार को पार्षद एकजुट होकर रणनीति भी तैयार कर रहे हैं।
दरअसल करीब एक पखवाड़ा पहले पार्षदों ने नगर निगम स्थित नगरायुक्त के कक्ष के बाहर हंगामा किया था। पार्षदों ने नगरायुक्त अरुण प्रकाश की नेम प्लेट को तोड़ दिया था। पार्षद शिलापट्टिका में नाम बड़ा लिखने पर अड़े हुए थे। भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा पार्षद एकजुट हो गए थे। पिछले सप्ताह मेयर नवीन जैन ने भाजपा पार्षदों के साथ बैठक की। 53 में से 45 पार्षद इस बैठक में पहुंचे थे। मेयर ने पार्षदों की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण का आश्वासन दिया गया। इससे अधिकांश पार्षद सहमत हो गए। सोमवार को विपक्षी पार्षदों की फिर बैठक हुई। मेयर व निगम के अफसरों को घेरने की रणनीति तैयार की गई। मंगलवार दोपहर फिर से बैठक होने जा रही है। पार्षद शिरोमणि सिंह, राकेश जैन, रवि माथुर ने बताया कि सड़कों की मरम्मत, उनके निर्माण, खराब लाइटों को बदलने, मुकदमा वापसी सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।
विशेष सदन में ये रहेंगे विशेष मुद्दे
- पांच पार्षदों पर दर्ज मुकदमे की वापसी की मांग
- शहर की सड़कों का निर्माण और उनकी मरम्मत
- गंदगी फैलाने वालों और लघुशंका करने वालों पर जुर्माना
- सफाई व्यवस्था