CoronaVirus: नगर निगम ने बचाव में उठाया कदम, बजट विशेष सदन को मेयर ने किया स्थगित
कोरोना वायरस से बचाव के इंतजाम पर रहेगा जोर। दोपहर तीन बजे से होगा विशेष सदन टैक्स में बढ़ोतरी से इन्कार। एक अप्रैल से हाउस टैक्स में दस फीसद छूट का रखा जाएगा प्रस्ताव।
आगरा, जागरण संवाददाता। शनिवार को होने जा रहे नगर निगम के विशेष सदन को मेयर नवीन जैन ने स्थगित कर दिया है। दोपहर तीन बजे से होने वाले विशेष सदन में नगर निगम और जल संस्थान का बजट रखा जाना था। लेकिन अब सदन को मेयरनवीन जैन ने स्थगित कर दिया है। जल्दी सदन की नई तारीख की घोषणा की जाएगी। यह कदम कोरोना वायरस से बचाव के चलते उठाया गया है।
नगर निगम का विशेष सदन शनिवार को होने जा रहा था। सदन में हंगामे के आसार देखे जा रहे थे। जिसे देखते हुए पुलिस के लिए कहा गया था। वहीं कोरोना वायरस से बचाव के सभी इंतजाम किए गए थे। सभी पार्षदों से मास्क पहनकर आने के लिए कहा गया था। पार्षदों को सेनेटाइज करने के बाद ही सदन में प्रवेश मिलता।
नगर निगम के 11वें सदन में आगामी वित्तीय साल का बजट रखा जाना था नगर निगम का बजट 660.48 करोड़ रुपये और जल संस्थान का 158.34 करोड़ रुपये है। इसे कार्यकारिणी ने पास कर दिया है। आगामी साल में कोई नया टैक्स नहीं लगेगा। एक अप्रैल से 31 अगस्त तक हाउस टैक्स में दस फीसद की छूट दी जाएगी। मेयर नवीन जैन ने बताया कि सदन दोपहर तीन बजे से शुरू होता। बजट पर फोकस किया जाना था इधर सदन में कोरोना से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा हो सकती थी लेकिन एहतियात के तौर पर सदन को स्थगित कर दिया गया। जल्द ही सदन की नई तारीख की घोषणा होगी।
सदन में इन पर होनी थी चर्चा
- सामाजिक संस्थाओं को सामूहिक विवाह कराने के लिए अब 50 लाख के बदले 70 लाख रुपये देने की।
- रिक्शा, बैलगाड़ी, बैटरी रिक्शा, मोटर अथवा यंत्र चालित रिक्शा, यंत्र चलित गन्ने की मशीन का ठेला के लाइसेंस शुल्क को लेकर। कार्यकारिणी ने बढ़ोतरी से इन्कार किया है।
- गांधी बाजार, आगरा कैंट में बीस दुकानें नगर निगम में आ रही हैं। इन दुकानों से काफी सालों से तहबाजारी बंद है। जिसे फिर से शुरू करने की।
- यमुना किनारा रोड पर महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाई जाएगी। इस पर 28 लाख रुपये खर्च होंगे। मूर्ति का निर्माण पद्मश्री राम.वी सुतार द्वारा किया जाएगा।