सपा का चुनावी दांव: आगरा में बनाएगी गंगा-जमुनी तहजीब संग्रहालय, फतेहपुर सीकरी बनेगा 'हेरिटेज हब'
सपा ने 2027 के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया है, जिसमें आगरा में पर्यटन उद्योग पर विशेष ध्यान दिया गया है।

PTI Photo- अखिलेश यादव सपा का घोषणा पत्र जारी करने का कार्यक्रम
HighLights
आगरा में गंगा-जमुनी तहजीब का संग्रहालय बनेगा।
फतेहपुर सीकरी को हेरिटेज टूरिज्म क्लस्टर बनाएंगे।
पर्यटन बजट बढ़ाएंगे, यमुना स्वच्छता पर भी जोर।
जागरण संवाददाता, आगरा। सपा ने गुरुवार को 27 का संकल्प पीडीए का प्रण पत्र (चुनावी घोषणा पत्र) जारी कर दिया। पार्टी ने पर्यटन उद्योग पर विशेष ध्यान दिया है। शहर में सपा गंगा-जमुनी तहजीब का संग्रहालय बनाएगी। मुगल राजधानी रही फतेहपुर सीकरी को हेरिटेज टूरिज्म क्लस्टर के रूप में विकसित किया जाएगा।
पर्यटन बजट को सरकार बढ़ाएगी। प्रण पत्र में यमुना की स्वच्छता और उसे पुनर्जीवित करने का वादा भी किया गया है। सपा अभी जिलों के लिए अलग-अलग चुनावी घोषणा-पत्र भी जारी करेगी, जिनमें और अधिक वादे किए जा सकते हैं। सपा ने पीडीए प्रण पत्र में आगरा में गंगा-जमुनी तहजीब का संग्रहालय बनाने का वादा किया है। सपा ने 2012 से 2017 के कार्यकाल में शिल्पग्राम के समीप जनवरी, 2016 में मुगल संग्रहालय का काम शुरू कराया था।
सितंबर, 2020 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम कर दिया था। भवन का काम अंतिम चरण में चल रहा है। सपा ने प्रण पत्र में पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दिया है। यमुना की स्वच्छता और पुनर्जीवन के लिए भारत सरकार व दिल्ली सरकार के साथ प्रदेश का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा। इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर बनाए जाएंगे। प्रदेश में साइकिल हाईवे नेटवर्क विकसित किया जाएगा। हरित व्यवसाय को बढ़ावा देने को सपा सरकार बनने पर उद्यमिता विकास नीति लाएगी।
सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने बताया कि पार्टी ने 2027 के चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में पर्यटन समेत सभी क्षेत्रों पर ध्यान दिया है। पार्टी जिलों के अलग-अलग घोषणा-पत्र भी जारी करेगी। इनमें सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
यह भी कीं घोषणाएं
- सरकार बनने के बाद तीन माह में पर्यटन नीति, 2027 लाई जाएगी। इसका लक्ष्य प्रदेश में 30 लाख नौकरियों का सृजन होगा।
- भारतीय और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए ब्रांड यूपी का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
- गाइडों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े फ्रंटलाइन पेशेवरों और कर्मचारियों के लिए समूह बीमा व पेंशन योजना लाई जाएगी
- हास्पिटेलिटी, टूरिज्म और फिल्म ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट खोले जाएंगे।
- सभी प्रमुख पर्यटन केंद्रों में सरकारी सहयोग वाले हस्तशिल्प क्लस्टर बनाए जाएंगे।
- राज्य भर के स्मारकों और धरोहरों को रात में रोशन करने का प्रयास किया जाएगा।
- पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रिवरफ्रंट डवलपमेंट किया जाएगा।
- अंतरराष्ट्रीय स्तर के कन्वेंशन सेंटर विकसित किए जाएंगे।
- बौद्ध सर्किट समेत सभी प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में हेलीकाप्टर सेवा शुरू की जाएगी।
- कम लोकप्रिय स्मारकों की जियो टैगिंग की जाएगी।
- हेरिटेज आर्क की ब्रांडिंग और यूपी ट्रैवल मार्ट फिर से शुरू किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।