यहां चला साइकिल का खूब पहिया, लाल टोपी पहन बोले जय अखिलेश भैया
गाजीपुर से शुरू हुई समाजवादी पार्टी की साइकिल यात्रा का मथुरा में हुआ स्वागत। युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं सहित सैंकड़ों युवा हुए यात्रा में शामिल।
सुबह गोवर्धन होटल से निकले साइकिल सवार
जगह-जगह हो रहा जोशीला स्वागत, उमड़े युवा
आगरा: समाजवादी पार्टी की सामाजिक न्याय, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ साइकिल यात्रा का शुभारंभ मथुरा में होटल गोवर्धन पैलेस से हुआ। लाल टोपी लगाए साइकिल पर सवार समाजवादी जोशीले नारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा का शहर में भव्य स्वागत किया जा रहा है। जगह-जगह पुष्प वर्षा और माल्यार्पण साइकिल यात्रियों के जोश में इजाफा कर रही है।
सपा की साइकिल यात्रा बुधवार सुबह शुरू हुई। साइकिल यात्रा का नेतृत्व एमएलसी रामवृक्ष यादव और एमएलसी संजय लाठर कर रहे हैं। उनके साथ यात्रा में शैलेंद्र सिंह, अभिषेक यादव, चंद्रशेखर आदि चल रहे थे। जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद और महामंत्री जागेश्वर यादव ने साइकिल यात्रियों का स्वागत किया। साइकिल यात्रा हाईवे से शुरू होकर धौलीप्याऊ होती हुई स्टेट बैंक चौराहा, नया बस स्टैंड, भूतेश्वर चौराहा होते हुए डीग गेट पर पहुंची। जैसे-जैसे साइकिल यात्रा आगे बढ़ रही है, साइकिल यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होता चला जा रहा है। कार्यकर्ता अपने-अपने प्रकोष्ठ और वाहिनी के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत करने के बाद स्वयं भी साइकिल पर सवार होकर यात्रा में शामिल होते जा रहे हैं। युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं द्वारा डीग गेट चौराहा पर मुन्ना मलिक के नेतृत्व में साइकिल यात्रा का भव्य और जाेशीला स्वागत किया गया। साइकिल यात्रा में रुक्मणी जादौन, प्रदीप चौधरी, हबीब चौधरी, विकास यादव, अविनाश यादव आदि कार्यकर्ता साथ थे।