फतेहपुर सीकरी में शुरू होगा साउंड एंड लाइट शो: दीवान-ए-आम में 8.65 करोड़ की लागत, प्रोजेक्शन मैपिंग जारी
फतेहपुर सीकरी के दीवान-ए-आम में नवंबर से 8.65 करोड़ रुपये की लागत से साउंड एंड लाइट शो शुरू होने की ...और पढ़ें

फतेहपुर सीकरी।
HighLights
फतेहपुर सीकरी में नवंबर से साउंड एंड लाइट शो शुरू होगा।
दीवान-ए-आम में 8.65 करोड़ की लागत से शो तैयार।
प्रोजेक्शन मैपिंग का काम अंतिम चरण में, पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
जागरण संवाददाता, आगरा। मुगल राजधानी रही फतेहपुर सीकरी में नवंबर में साउंड एंड लाइट शो की शुरूआत हाे सकती है। मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना में एडीए और पर्यटन विभाग की 8.65 करोड़ रुपये की संयुक्त योजना में दीवान-ए-आम में शुरू किए जाने वाले शो के लिए इन दिनों प्रोजेक्शन मैपिंग का काम किया जा रहा है।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा शो की स्क्रिप्ट पर आपत्ति जताए जाने के चलते लंबे समय तक शो अटका रहा। शो शुरू होने के बाद फतेहपुर सीकरी में पर्यटकों के साथ ही रात्रि प्रवास भी बढ़ सकता है।
8.65 करोड़ रुपये की योजना
मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना में एडीए ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में फतेहपुर सीकरी में साउंड एंड लाइट शो की योजना बनाई थी। पहले यह शो जोधाबाई पैलेस में किया जाना था, लेकिन बाद में शो के लिए दीवान-ए-आम को उपयुक्त माना गया। शो के लिए उपकरण लगाने को तो एएसआई ने अनुमति प्रदान कर दी थी, लेकिन उसकी स्क्रिप्ट में सुधार के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री पर्यटन सहभागिता योजना में दीवान-ए-आम में होगी शुरूआत
एएसआई ने जोधाबाई के बारे में शो में अधिक जानकारी शामिल करने को कहा था, जिससे कि बाद में किसी तरह का विवाद खड़ा नहीं हो। एएसआइ द्वारा स्क्रिप्ट को अनुमति प्रदान करने के बाद एडीए ने शो तैयार कराया। यह आगरा और झांसी के किले में संचालित होने वाले शो की तरह लेजर लाइट, होलोग्राम आदि पर आधारित होगा।
इन दिनों मैपिंग का किया जा रहा है काम
इन दिनों शो के लिए प्रोजेक्शन मैपिंग का काम किया जा रहा है। इसमें इमारत, किले, मंदिर, दीवार, गुंबद या पहाड़ी को एक जीवंत पर्दे में बदल दिया जाता है। इसमें थ्री-डी स्कैनिंग और जगह की पैमाइश, इवेंट की जगह की बारीकी से जांच, लेजर या थ्री-डी स्कैनिंग टूल से इमारत का डिजिटल माडल तैयार किया जाता है। इससे दीवार के हर कोने, खिड़की, दरवाजे और उभार का सही माप मिल जाता है।
यह भी पढ़ें- करवाचौथ पर अलीगढ़ में चूड़ियों का नया ट्रेंड: मोती जड़े कंगन, फ्लोरल डिजाइन और गोल्डन ब्रेसलेट का जलवा
अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि दीवान-ए-आम की प्रोजेक्शन मैपिंग का काम 10 दिन में पूरा हो जाएगा। नवंबर में शो शुरू हो सकता है।
