स्मृति ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा रामभक्ति का दिखावा करने वालों को रामभक्त नहीं देंगे वोट
भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह के समर्थन में कासगंज के सोरों पहुंची थीं केंद्रीय मंत्री।
आगरा, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह के लिए समर्थन जुटाने को कासगंज के सोरों पहुंची। यहां आयोजित सभा में उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के अयोध्या दौरे काे दिखावा कहा। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि अयोध्या जाकर रामलला को प्रणाम न करने वालों को रामभक्त वोट नहीं देंगे।
शनिवार को सोरों पहुंची केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा का नाम लिए बिना कहा कि ये लोग देश के गद्दारों का साथ देते हैं। कहा कि कांग्रेस के नेता रामभक्त होने का दिखावा कर रहे हैं। चुनाव आते ही मंदिर मंदिर जाने लगे हैं। महागठबंधन को महामिलावट बताते हुए कहा कि हिंदुस्तान गद्दारो को ताज कभी नहीं देता। अमेठी का उदाहरण देते हुए कहा कि चार पीढ़ी से वो जनता से खोखले वायदे कर रहे हैं। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। मोदी सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं को गिनाया। महिला मतदताओं को लुभाने के लिए उन्होंने उज्ज्वला योजना के बारे में बताया। स्मृति ईरानी ने एटा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह के समर्थन में मतदाताओं से वोट की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं से पूरी शक्ति से चुनाव में जुट जाने को कहा।
गंगा घाट पर पूजन कर नामांकन को निकले राजवीर
केंद्रीय मंत्री की सभा से पूर्व भाजपा प्रत्याशी ने गंगा घाट पर पत्नी के साथ विधि विधान से पूजन किया। इसके बाद चुनावी सभा में शामिल होने के बाद वे नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। राजवीर वर्तमान में एटा से सांसद हैं और इससे पूर्व विधायक भी रह चुके हैं।