विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

59 करोड़ से बनेंगे स्मार्ट गांव, मिनी स्टेडियम और बिछेगा सड़कों का जाल... आगरा जिला पंचायत का बजट पारित

Published: Tue, 13 Jan 2026 12:59 PM (IST)

आगरा जिला पंचायत ने 2026-27 के लिए 59 करोड़ रुपये का बजट पारित किया है। इसका मुख्य उद्देश्य गांवों में ...और पढ़ें

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया व सीडीओ।

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया व सीडीओ।

HighLights

  1. जिला पंचायत ने 59 करोड़ का बजट पारित किया।

  2. स्मार्ट गांव, मिनी स्टेडियम और चिल्ड्रन पार्क बनेंगे।

  3. सड़कें, खड़ंजे और नए जलाशय भी विकसित होंगे।

जागरण संवाददाता, आगरा। जिला पंचायत में 59 करोड़ से स्मार्ट गांव, मिनी स्टेडियम और खड़ंजे और सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। जिला पंचायत बोर्ड ने सोमवार को वर्ष 2026-27 के लिए 59 करोड़ का अनुमानित बजट पारित किया।

बजट में विकसित गांव-विकसित देश के संकल्प को गति देने के लिए गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया है।जिसमें इंटरलाकिंग व खड़ंजे पर 14 करोड़,नई सड़कों के निर्माण को आठ करोड़ की धनराशि रखी गई है। वर्ष 2026-27 का बजट पिछले वर्ष से एक करोड़ रुपये अधिक है।

जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 59 करोड़ का बजट पारित

जिला पंचायत कार्यालय में सोमवार को बजट के लिए आमंत्रित विशेष बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर मुख्य अधिकारी उमेश चंद्र, मुख्य अभियंता मासूम रजा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदाैरिया ने की। बैठक में सभी जिला पंचायत सदस्यों ने बजट में हुए प्रविधानों पर सहमति जताई।

इंटरलॉकिंग और खड़ंजा को सर्वाधिक 14 करोड़, नई सड़कों के लिए आठ करोड़ का प्रस्ताव

डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि बजट में अंत्योदय, गांव, किसान, गरीब, महिलाओं व युवाओं के उत्थान और विकास का ध्यान रखा गया है। ग्रामीण युवाओं को खेल से जोड़ने के लिए मिनी स्टेडियम के निर्माण को तीन करोड़ रुपये एवं चिल्ड्रन पार्क निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक ब्लॉक में तीन हजार से अधिक आबादी वाले एक गांव को स्मार्ट गांव बनाया जाएगा।

इसके लिए बजट में साढ़े सात करोड़ रुपये का प्रविधान रखा है। इसके साथ ही गिरते भूजल स्तर को देखते हुए नए जलाशयों के निर्माण व पुराने जलाशयों के गहरीकरण के लिए बजट में चार करोड़ की धनराशि रखी गई है।