सीएम योगी आदित्यनाथ की कसौटी पर स्मार्ट सिटी के कार्य फेल
बिना एनओसी लिए अफसरों ने शुरू करा दिए कार्य, धीमी रफ्तार से बन रहीं डीपीआर, दाराशॉ कंपनी की खुली पोल, अमृत योजना के कार्य भी नहीं पकड़ रहे रफ्तार
आगरा (अमित दीक्षित): डक्ट निर्माण का कार्य हो या स्ट्रीट वेंडिंग जोन का। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के हर कार्य की रफ्तार धीमी है। बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) काम शुरू करा दिया गया। एएसआइ, छावनी परिषद और वन विभाग की आपत्ति के बाद कार्य बंद हो गए। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने में भी लापरवाही बरती गई। सीएम योगी आदित्यनाथ की कसौटी पर स्मार्ट सिटी के कार्य फेल हो गए हैं। शासन ने लापरवाह अफसरों की सूची मांगी है। ऐसे अफसरों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
आगरा को एक हजार करोड़ रुपये से स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है। यह कार्य पांच साल में पूरा होगा। एक साल पूर्व दाराशॉ कंपनी का चयन प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट (पीएमसी) में हुआ था। इसकी शुरुआत से ही डीपीआर बनाने में लापरवाही बरती गई। अमृत योजना के तहत सीवर कनेक्शन सहित अन्य कार्यो में ध्यान नहीं दिया गया। यही नहीं फतेहाबाद रोड पर बिना चैंबर की डिजाइन के डक्ट का निर्माण शुरू हो गया।
लापरवाह अफसरों पर गिरेगी गाज
विशेष सचिव, नगर विकास एके वाजपेयी का कहना है कि स्मार्ट सिटी और अमृत योजना में लापरवाही बरतने वाले अफसरों को बख्शा नहीं जाएगा। आगरा सहित अन्य शहरों की योजनाओं की प्रगति अच्छी नहीं है।
स्मार्ट सिटी एक नजर में
- केंद्र सरकार ने दूसरे चरण में आगरा का चयन स्मार्ट सिटी के लिए किया था।
- नौ जनवरी 2017 को आगरा स्मार्ट सिटी प्रा. लि. का गठन किया गया
- दाराशॉ कंपनी का प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट में चयन हुआ
- 14 सितंबर, 2017 से कंपनी ने कार्य शुरू किया
- 13 प्रोजेक्ट्स की 393 करोड़ रुपये की डीपीआर बनी हैं
- लापरवाही पर अगस्त 2018 में स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक अनुराग को बर्खास्त कर दिया गया था।
ये हैं प्रमुख कार्य
- 52.30 करोड़ रुपये से होना है फतेहाबाद रोड का सुंदरीकरण व स्कैपिंग का काम।
- 3.81 करोड़ रुपये से बनेगा स्ट्रीट वेंडिंग जोन।
- 3.17 करोड़ रुपये से होना है हेरिटेज वाक का विकास।
- 2.85 करोड़ से ताज के दो किमी के क्षेत्र में होंगे विकास कार्य।
-5.52 करोड़ से होना है ताज के दो किमी के दायरे में पौधरोपण के काम
पेड़ों पर रंग-बिरंगी रोशनी
ताज व फतेहाबाद रोड पर 500 पेड़ चिन्हित किए गए। इनकी छंटाई होगी। इन पर रंग-बिरंगी रोशनी डाली जाएगी। इससे पेड़ों की सुंदरता देखते ही बनेगी। एएसआइ और वन विभाग ने आपत्ति लगा दी है।
डक्ट और नाला निर्माण
कमिश्नरी चौराहा से इनर¨रग रोड तक फतेहाबाद रोड पर साढ़े सात किमी लंबी डक्ट का निर्माण होगा। तीन किमी का काम पूरा हो चुका है। बाकी काम रुक गया है। वन विभाग ने आपत्ति लगा दी है। कुछ पेड़ रास्ते में आ रहे हैं।
स्ट्रीट वेंडिंग जोन का काम रुका
फतेहाबाद रोड में स्ट्रीट वेंडिंग जोन का निर्माण किया जा रहा है। वेंडिंग जोन बनने से क्षेत्र की खूबसूरती में चार चांद लग जाएंगे। क्षेत्रीय लोगों के विरोध के बाद काम बंद हो गया है।
- स्मार्ट सिटी के धीमे कार्यो पर दाराशॉ कंपनी को नोटिस दिया गया है। कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
आरके सिंह, नोडल अधिकारी, आगरा स्मार्ट सिटी