आगरा देहात अंचल की संक्षेप खबरें
लोहे का मुख्यद्वार गिरा दबकर बची की मौत शमसाबाद के गढ़ी खंडेराव में हादसा
जागरण टीम, आगरा। लोहे का मुख्य द्वार के नीचे दबकर छह साल की बच्ची की मौत हो गई। शमसाबाद के गढ़ी खंडेराव निवासी धीरज कुमार शर्मा किसान हैं। शनिवार सुबह 10 बजे परिवार के सदस्य घर के कामकाज में जुटे थे। धीरज की छह वर्षीय बेटी राधिका घर के बाहर मुख्य द्वार के पास खेल रही थी। अचानक मुख्यद्वार गिर पड़ा और राधिका दब गई। हादसे के बाद चीखपुकार मचते ही स्वजन दौड़ पड़े। उन्होंने राधिका को निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पिता धीरज के मुताबिक सिर में गंभीर चोट लगने के कारण राधिका की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हत्यारोपित की जल्द हो सकती है गिरफ्तारी
जागरण टीम, आगरा। पूर्व प्रधान के पुत्र के हत्यारोपित को जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस उसकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। चित्राहाट के गांव नाहिकापुरा में पूर्व प्रधान रामप्रकाश के पुत्र सुनील कुमार (45) की सिर में भारी वस्तु मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के बेटे अनुज ने गांव के ही अनवर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एसओ महेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
जागरण टीम, आगरा। फतेहाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को फतेहाबाद पुलिस ने जेल भेज दिया। 14 वर्षीय किशोरी के साथ खुशीलाल निवासी गढ़ी साबराय ने दुष्कर्म किया था। पीड़िता के पिता ने उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। ससुराल में फंदे पर लटका मिला महिला का शव
जागरण टीम, आगरा। एत्मादपुर के चौगान गांव में पूजा (24) पत्नी अजय सिंह का शव शनिवार को ससुराल में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पूजा को दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद से ससुरालीजन फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। चार के विरुद्ध शांतिभंग में कार्रवाई
जागरण टीम, आगरा। फतेहपुर सकरी कस्बे के ऊपर पहाड़ क्षेत्र में साबिर और फईम पक्ष के बीच लेनदेन को लेकर मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने साबिर, फईम, अहमद और एजाद के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की है।