Healthy Food: लोगों की जुबां पर चढ़ रहा सिंध की फास्ट फूड डिश का स्वाद, सेहत से भरपूर है दाल-पकवान
Healthy Food फास्ट फूड का नाम आते ही चाऊमीन बर्गर पिज्जा याद आते हैं। लेकिन आगरा की एक गली में सिंध के फास्ट फूड की डिश दाल-पकवान लोगों को खूब भा रही है। भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद आगरा आए एक परिवार ने फास्ट फूड का बिजनेस शुरू किया था।
आगरा, जागरण टीम। ताजमहल के बाद आगरा का पेठा लोगों की जुबां पर मिठास घोलता है। वहीं बंटवारे के वक्त पाकिस्तान के सिंध प्रांत से ताजनगरी आए एक परिवार का दाल-पकवान का जायका भी लोगों की जुबां पर चढ़ा हुआ है। सिंध से आने वाले टहलराम वहां का फास्ट फूड दाल-पकवान का टेस्ट भी आगरा ले आए। आज शाहगंज की संगीता सिनेमा वाली गली में सिंध का ये स्वाद लोग जमकर पसंद कर रहे हैं।
खास है सिंध का दाल-पकवान फास्ट फूड
टहराम गिडवानी ने 60 साल पहले सिंध का दाल-पकवान का व्यापार शुरू किया था। आज आगरा के अलावा दूसरे शहरों से आने वाले लोग भी इस गली के दाल-पकवान का स्वाद लेना नहीं भूलते। शाहगंज की संगीता टाकीज वाली गली में टहलराम की दूसरी पीढ़ी स्वाद के कारोबार दाल-पकवान को संभाल रही है।
सिंध के फास्ट फूड से जमाई धाक
आगरा के शाहगंज में टहलराम गिडवानी का परिवार रहता है। टहलराम गिडवानी ने अपने नाती संजय को इस व्यापार में शामिल किया। संजय बताते हैं कि बाबा को सिंध के फास्ट फूड दाल-पकवान काफी पसंद था। गृहस्थी चलाने के लिए उन्होंने लगभग 60 वर्ष पहले दाल-पकवान बनाकर बेचना शुरू किया था। उस वक्त भी लोगों को इसका जायका बेहद पसंद आया था। आज आगरा के अलावा इस फास्ट फूड ने पड़ोसी जनपदों में अपनी पहचान बनाई है।
बाबा के बाद नाती ने रखा स्वाद का सफर जारी
टहलराम गिडवानी की मौत के बाद उनके बेटे लालचंद गिडवानी ने स्वाद के इस सफर को जारी रखा। फिलहाल पिता लालचंद का साथ उनके दो बेटे संजय और हनी इस व्यापार को बढ़ाने में दे रहे हैं।
दाल में मसालों का उपयोग है स्वाद का राज: संजय
- शाहगंज में 60 साल से है दाल-पकवान की ये दुकान
- दाल को बनाने में मसालों की शुद्धता का रखते हैं ध्यान
- ग्राहकों के लिए चना और मूंग की दाल बनाते हैं दुकानदार
- दालों में मिलाते हैं हरी मिर्च, धनिया और प्याज
- मैदा या आटा से बनाते हैं पापड़
सिंध का स्वाद लेने आते हैं दूर-दूर से शौकीन
खंदारी निवासी नीरज गुप्ता पिछले दस वर्षों से सिंध के फास्ट फूड दाल-पकवान का जायका लेने यहां अक्सर आते हैं। उनका कहना है कि उन्हें ये बेहद पसंद है। दाल में मसालों का प्रयोग उसे बेहद खास बना देता है।
आवास विकास निवासी लोकेंद्र सिंह का कहते हैं कि अन्य फास्ट फूड शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं लेकिन दाल के साथ कड़क पापड़ का जायका स्वाद और सेहत दोनों के लिए अच्छा है। मुझे और परिवार के लोगों को ये बहुत पसंद है और जब भी मौका मिलता है यहां का स्वाद लेने आता हूं।