सड़क पर खुली गुंडई, बाइक को साइड न देने पर युवक को गोली मारी, हालत गंभीर
कार सवार युवक सड़क किनारे खड़ा था। पीछे से आए बाइक सवार से हुआ विवाद। बाइक सवार ने तमंचे पर गर्दन पर मार दी गोली।
आगरा, जेएनएन। सड़क पर साइड न देने के विवाद में आरोपित ने एक युवक की गर्दन पर तमंचा रखकर गोली मार दी। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सैफई ले गए हैं। थाने में कोई सूचना नहीं दी गई है।
मैनपुरी के थाना किशनी के गांव चतुरीपुर निवासी विमल अपने दोस्त राजीव के साथ कार से छिबरामऊ गया था। रात 10 बजे वापस लौट रहा था। गांव के पास राजीव ने कार रोकी, तभी पीछे से गांव का निवासी दबंग युवक राहुल बाइक पर सवार होकर आ गया। राहुल ने साइड न देने का आरोप लगाया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। नाराज राहुल ने अपने पास से तमंचा निकालकर विमल की गर्दन पर रखते हुए गोली चला दी। गोली लगने से विमल गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली मारने के बाद हमलावर ने विमल को कार से बाहर खींचकर नीचे गिरा दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। घायल के साथी ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जानकारी मिलने पर परिजन भी आ गए। घायल युवक को सैफई ले जाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के सैफई में होने के कारण थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप