शाहरुख बोले-वाह ताज
सिने अभिनेता को पत्नी गौरी व बेटी ने वीडियो कॉल पर कराया अजूबे स्मारक का दीदार
आगरा (जागरण संवाददाता): बॉलीवुड के 'बादशाह' शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान गुरुवार को बेटी सुहाना के साथ ताज देखने आगरा पहुंचीं। शाहरुख खान इस दौरान फोन पर लगातार उनके संपर्क में बने रहे। गौरी और सुहाना जब ताजमहल में थीं तो शाहरुख ने उन्हें वीडियो कॉल कर बात की। शाहरुख भी दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताज को देखने का मोह नहीं छोड़ सके। उन्होंने फोन से ही ताज का दीदार किया। उन्होंने इस अजूबे स्मारक की तारीफ की और वहां के माहौल के बारे में जानकारी की।
सुहाना की एक दर्जन से अधिक फ्रेंड्स के साथ गौरी खान चार्टर प्लेन से दोपहर करीब 2:45 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां से वह सीधे ताजमहल गई। सुरक्षाकर्मियों के साथ उन्होंने ताज पूर्वी गेट से स्मारक में प्रवेश किया। फोरकोर्ट से ताज नजर आते ही मां-बेटी स्मारक की सुंदरता पर मुग्ध हो गई। उन्होंने गाइड से स्मारक के बारे में काफी सवाल किए। स्मारक में जब वह भ्रमण कर ही रही थीं कि शाह रुख खान का कॉल आया। उन्होंने गौरी और सुहाना दोनों से बात की। इसके बाद शाह रुख ने उन्हें वीडियो कॉल किया। दोनों से ट्रिप के बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने गौरी को ताज दिखाने को कहा। गौरी ने उन्हें वीडियो कॉल के दौरान ही ताजमहल दिखाया। शाहरुख ने उन्हें कुछ देर ताज पर ही कैमरा फोकस रखने को कहा। इसके बाद जब वह लौट रही थीं, तब भी शाह रुख ने उन्हें कॉल किया। मां-बेटी स्मारक में करीब 4:45 बजे तक रहीं। ताज से वह सीधे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां से वह जयपुर चली गई। सुहाना ने ली कैलीग्राफी में दिलचस्पी
ताज भ्रमण के दौरान गाइड आसिफ चौधरी से सुहाना ने मुख्य मकबरे व रॉयल गेट पर हो रही कैलीग्राफी के बारे में जानकारी की। यहां अरबी में कुरान की आयतें लिखी हुई हैं।
गौरी ने जाना काले ताज का सच
गौरी खान ने ताज घूमने के दौरान स्मारक की फाउंडेशन, कब्रों के बारे में पूछा। गाइड ने उन्हें बताया कि मुख्य मकबरे में ऊपर कब्रों की प्रतिकृति बनी हुई हैं। शाहजहां व मुमताज की असली कब्रें तहखाने में नीचे बनी हुई हैं। इस दौरान गौरी ने शहंशाह शाहजहां द्वारा यमुना पार अपने लिए काला ताज बनवाने के बारे में सवाल किया। इस पर गाइड ने उन्हें इसके मिथक होने की जानकारी दी।
बहुत कम पर्यटक पहचान सके
गौरी और सुहाना को ताज भ्रमण के दौरान बहुत कम पर्यटक पहचान पाए। सुरक्षाकर्मियों के साथ चलने की वजह से ही लोगों का ध्यान उनकी तरफ गया। इस दौरान कुछ पर्यटकों ने गौरी के फोटो लेने की कोशिश की तो उन्होंने इन्कार कर दिया।