Good News: जल्द मिलेगी जाम से राहत, शहादरा चुंगी फ्लाईओवर हुआ तैयार, ये हैेे खासियत Agra News
25 करोड़ से बन रहा है फ्लाईओवर डेढ़ साल पूर्व शुरू हुआ था कार्य। 1.6 किमी लंबा है फ्लाईओवर। मिट्टी का भराव हुआ पूरा गर्डर डालने का काम शुरू।
आगरा, जागरण संवाददाता। नए साल से शाहदरा चुंगी फ्लाईओवर चालू हो जाएगा। इससे जाम का झाम खत्म हो जाएगा। फिलहाल फ्लाईओवर पर मिट्टी भराव का कार्य पूरा हो गया है। गर्डर डालने का काम चालू हो गया है। यह कार्य एक माह तक चलेगा फिर डामर रोड बनाई जाएगी।
नेशनल हाईवे-19 आगरा से इटावा खंड को छह लेन किया जा रहा है। यह कार्य दो साल पूर्व शुरू हुआ था। इसी के तहत शाहदरा चुंगी फ्लाईओवर (प्राचीन हनुमान मंदिर, झरना नाला से मंडी समिति के पास तक) बनाया जा रहा है। 25 करोड़ से बन रहे फ्लाईओवर का कार्य डेढ़ साल पूर्व शुरू हुआ था। यह 1.6 किमी लंबा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) आगरा खंड के एक अधिकारी ने बताया कि बारिश के चलते कार्य धीमा हो गया था। शुक्रवार से कार्य की रफ्तार को गति दी गई है जिससे निर्धारित अवधि के भीतर फ्लाईओवर को बनाया जा सके। इसकी अंतिम तिथि मार्च 2020 है। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर बनने से शाहदरा चुंगी पर जाम नहीं लगेगा।