इस साल हजारों की संख्या बढ़ रहे ताजमहल का दीदार वाले पर्यटक
अस्तित्व पर बढ़ते खतरे को लेकर चर्चाओं में ताज से एक अच्छी खबर आई है। उसके कद्रदानों की संख्या पिछले वर्ष की अपेक्षा बढ़ गई है।
आगरा (जेएनएन)। प्रदूषण की वजह से अस्तित्व पर बढ़ते खतरे को लेकर चर्चाओं में चल रहे ताज से एक अच्छी खबर आई है। उसके देसी-विदेशी कद्रदानों की संख्या वर्ष की पहली छमाही में पिछले वर्ष की अपेक्षा बढ़ गई है। 2018 की पहली छमाही में वर्ष 2017 की पहली छमाही की अपेक्षा 48074 विदेशी और 140234 देसी सैलानी अधिक आए हैं। इसे पर्यटन के लिए अच्छा माना जा रहा है। केवल भारतीय पर्यटकों की बात करें तो भी इस साल जनवरी-फरवरी को छोड़ पिछले वर्ष की अपेक्षा हर माह उनकी संख्या में भी इजाफा हुआ है।
प्रदूषण से बढ़ते खतरे को लेकर चर्चा में ताज
दुनिया में सौंदर्य का प्रतिमान कहा जाने वाला ताज इन दिनों अपनी सुंदरता से अधिक प्रदूषण से बढ़ते खतरे को लेकर चर्चाओं में है। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले दिनों तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा था कि ताज को ढहा दो या फिर बंद कर दो। कमिश्नर के. राममोहन राव और डीएम रवि कुमार एनजी को कोर्ट में 26 जुलाई को तलब किया है। सदियों तक ताज के संरक्षण को विजन डॉक्यूमेंट कोर्ट में जमा किया जाना है। इन परिस्थितियों के बावजूद ताज की लोकप्रियता में बिल्कुल गिरावट नहीं आई है, उसमें इजाफा ही हुआ है। वर्ष 2018 की पहली छमाही (जनवरी से जून) में ताज देखने आने वाले विदेशी सैलानियों की संख्या में वर्ष 2017 की अपेक्षा हर माह वृद्धि हुई है। मार्च में सर्वाधिक 117819 विदेशी पर्यटक ताज पहुंचे, जो एक रिकॉर्ड है।
विदेशी पर्यटकों की स्थिति
- माह, वर्ष 2017, वर्ष 2018
- जनवरी, 80656, 95230
- फरवरी, 98382, 112101
- मार्च, 107956, 117819
- अप्रैल, 63781, 67684
- मई, 35392, 37676
- जून, 25156, 28797
- कुल, 411323, 459397
देसी पर्यटकों की स्थिति
- माह, वर्ष 2017, वर्ष 2018
- जनवरी, 450708, 391364
- फरवरी, 397463, 394547
- मार्च, 473540, 509355
- अप्रैल, 409330, 419949
- मई, 477431, 550132
- जून, 477594, 560953
- कुल, 2686066, 2826300
वर्षवार पर्यटकों के आंकड़े
- वर्ष, विदेशी पर्यटक, देसी पर्यटक
- 2015, 639368, 5842287
- 2016, 666361, 5547839
- 2017, 857456, 5604461