मोदी के सफाई अभियान को लगा रहे पलीता, नामनेर में नहीं लगती झाड़ू, सीवर लाइन चोक
स्वच्छता अभियान के नाम पर नामनेर में रस्म अदायगी की जा रही है। नामनेर क्षेत्र (वार्ड 39) की अधिकांश गलियों में झाड़ू नहीं लगती है। सफाईकर्मी कूड़ा भी सड़क पर फेंक जाते हैं
आगरा : स्वच्छता अभियान के नाम पर नामनेर में रस्म अदायगी की जा रही है। नामनेर क्षेत्र (वार्ड 39) क्षेत्र की अधिकांश सड़कों व गलियों में झाड़ू नहीं लगती है। कूड़े को उठाने के बाद कर्मचारी प्लाट या फिर डलावघर के बाहर फेंक देते हैं। वहीं अधिकांश क्षेत्र में सीवर लाइन चोक पड़ी है।
दैनिक जागरण के 'जागरण आपके द्वार' का आयोजन मंगलवार को नामनेर क्षेत्र में किया गया। क्षेत्रीय लोगों ने सफाई न होने, सीवर जाम होने, स्ट्रीट लाइट व हैंडपंप खराब होने सहित अन्य शिकायतें कीं। नामनेर के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल से पचास मीटर की दूरी पर डलावघर हैं। डलावघर से कूड़े का उठान ठीक तरीके से नहीं किया जाता है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि डलावघर के बाहर कर्मचारी कूड़ा फेंक चले जाते हैं। गंदगी व बदबू से लोगों को परेशान होना पड़ता है। अधिकांश नालियां चोक हैं।
सड़कें पड़ी हैं खराब
नामनेर क्षेत्र की कई सड़कें खराब पड़ी हुई हैं। गहरे गड्ढे हो गए हैं। एक माह पूर्व क्षेत्रीय लोगों ने सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए विरोध प्रदर्शन भी किया था। अभी तक इनका निर्माण नहीं हुआ है।
आए दिन नहीं आता है पानी
क्षेत्रीय निवासियों ने बताया कि नामनेर क्षेत्र की पाइप लाइनें पुरानी हो गई हैं। आए दिन जलापूर्ति लड़खड़ा जाती है। शिकायत के बाद भी जल संस्थान पानी के टैंकर नहीं भेजता है।
जगह-जगह अतिक्रमण
नामनेर क्षेत्र की अधिकांश सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या है। अतिक्रमण को हटाने के लिए क्षेत्रीय लोग कई बार शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन पिछले छह माह से नगर निगम टीम ने कोई अभियान नहीं चलाया है। खराब पड़ी हैं स्ट्रीट लाइट
नामनेर क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। नगर निगम में कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हैंडपंप नहीं हुए रीबोर
नामनेर क्षेत्र में दर्जनभर हैंडपंप लगे हुए हैं। सात हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। इन्हें अभी तक रीबोर नहीं कराया गया है।
- लंबे समय से क्षेत्र में फॉगिंग नहीं हुई है। शिकायतों को भी नजरअंदाज कर दिया गया है।
संजय कुमार - आए दिन पानी की आपूर्ति नहीं होती है। इससे परेशान होना पड़ता है। जल संस्थान पानी के टैंकर नहीं भेजता है।
ऊषा - सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही है। कर्मचारी हर दिन कूड़ा लेने नहीं आते हैं।
बहादुर सिंह - डलावघरों से सही तरीके से कूड़ा नहीं उठता है। नालियों की सफाई ठीक तरीके से नहीं हो रही है।
सुनीता
- सड़कों पर कूड़ा पड़ा रहता है। डलावघरों से पूरी तरह से कूड़ा नहीं उठता है। नामनेर में कई जगहों पर सीवर लाइन चोक है।
लक्ष्मी शर्मा, पार्षद वार्ड 39
- नामनेर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जाएगा। जहां भी सीवर लाइन चोक है, उसे ठीक कराया जाएगा।
नवीन जैन, मेयर - नामनेर क्षेत्र में सफाई व सीवर लाइन के चोक होने की शिकायतों की जांच कराई जाएगी। शिकायतों का निस्तारण कराया जाएगा।
अरुण प्रकाश, नगरायुक्त