विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sawan Month 2022: सिर्फ ताजमहल की ही नहीं प्राचीन शिवालयों की नगरी भी है आगरा, चारों दिशाओं में बसे हैं शिव

By Tanu GuptaEdited By:
Published: Wed, 13 Jul 2022 01:39 PM (IST)

Sawan Month 2022 आगरा के चारों कोनों में प्राचीन शिव मंदिर स्थापित हैं। इन मंदिरों का संबंध महर्षि परशुराम से ...और पढ़ें

सावन माह 14 जुलाई गुरुवार से आरंभ हो रहा है।
सावन माह 14 जुलाई गुरुवार से आरंभ हो रहा है।

आगरा, जागरण संवाददाता। गुरुवार को सावन माह का आंरभ हो रहा है। आगरा यूं तो मुगलिया नगरी, ताजनगरी के नाम से विश्व में विख्यात है लेकिन आगरा का इतिहास या पहचान इतनी भर नहीं है। यहां स्थित प्राचीन मंदिर शहर की आध्यात्मिकता का प्रमाण हैं। कभी यमुना किनारे मंदिरों की श्रंखला हुआ करती थी लेकिन आज अधिकांश मंदिर विकास की भेंट चढ़ चुके हैं। बावजूद इसके आगरा के चारों कोनों में स्थित प्राचीन शिवालय हर आगरावासी को शिव की भक्ति में लीन करते हैं। कैलाश महादेव मंदिर, बल्केश्वर महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव और राजेश्वर महादेव मंदिर का अपना अलग- अलग विशेष इतिहास है। यहां बताना जरूरी है कि इन प्रमुख शिवालयों के अलावा भी शहरवासियों की आस्था मनःकामेश्वर महादेव मंदिर और रावली महादेव से भी जुड़ी हुई है। सावन में प्रमुख चार शिवालयों पर भक्तों का सैलाब उमड़ता है। सावन के चारों सोमवार को उपरोक्त मंदिरों में क्रम के हिसाब से मेला भी लगता है।

कैलाश महादेव मंदिर

आगरा में मथुरा हाइवे स्थित प्राचीन कैलाश मंदिर स्थापित है। यमुना किनारे स्थापित इस शिवालाय में दो शिवलिंग हैं। इन जुड़वा शिवलिंग को म​हर्षि परशुराम और उनके पिता जमदग्नि कैलाश पर्वत से साथ लेकर आए थे। मान्यता है कि त्रेतायुग में म​हर्षि परशुराम और उनके पिता जमदग्नि ने भगवान शिव को तपस्या से प्रसन्न किया था। भगवान शिव ने उनसे वरदान मांगने को कहा। तब परशुराम ने उनसे साथ चलने का आग्रह किया। शिव ने कहा कि वे कैलाश पर्वत के कण-कण में विराजमान हैं और कैलाश की धूल के कण बने एक-एक शिवलिंग को पिता-पुत्र को दे दिया। दोनों जब रुनकता स्थित रेणुका माता के आश्रम जाने लगे। रात होने पर वे रुनकता से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर यमुना किनारे विश्राम किया तो ​शिवलिंग को वहां रख दिया। सुबह जब उठे तो शिवलिंग वापस उठाने का प्रयास किया, लेकिन वे उसे हिला भी नहीं सके। शिवलिंग उसी स्थान पर स्थापित हो गए। तब से इस मंदिर को कैलाश मंदिर के नाम से जाना जाने लगा।

पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर

आगरा में शाहगंज रेलवे फाटक के पास पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर है। मान्यता है कि पृथ्वीराज चौहान इस क्षेत्र से आए थे तब उन्होंने यहां विश्राम किया और अपना घोड़ा बांध दिया, लेकिन कुछ देर बाद ही घोड़ा खुल गया और कई कोशिशों के बावजूद वे उसे बांध नहीं सके। घोड़ा बांधने के लिए उचित जगह तलाशने के दौरान उन्हें एक शिवलिंग मिला। पृथ्वीराज चौहान ने शिवलिंग को उखाड़ने की कोशिश की, लेकिन काफी खुदाई के बाद भी वे उसका ऐसा नहीं कर सके। उन्होंने वहां पूजा-अर्चना शुरू कर दी और मंदिर का निर्माण कराया। पृथ्वीराज चौहान के नाम पर मंदिर का नाम पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पड़ा

बलकेश्वर महादेव मंदिर

आगरा में बलकेश्वर क्षेत्र के यमुना तट पर बलकेश्वर महादेव का मंदिर स्थापित है। इसकी भव्यता देखते ही बनती है। बल्केश्वर महादेव मंदिर का प्राचीन नाम बिल्वकेश्वर महादेव मंदिर है। कहा जाता है कि इस क्षेत्र में बेलपत्र का जंगल था। तकरीबन 700 वर्ष पहले यहां शिवलिंग प्रकट हुआ था। शिवलिंग का श्रृंगार चंदन और केसर से होता है और भक्तों को इसी का प्रसाद दिया जाता है। यमुना किनारे स्थापित इस मंदिर पर भक्त मन्नत मांगकर यहां पूजा करने आते हैं।

राजेश्वर महादेव मंदिर

आगरा में शमसाबाद रोड राजेश्वर महादेव का मंदिर है। मान्यता है कि ये शिवलिंग करीब 850 वर्ष पुराना है, दिन में तीन बार रंग बदलता है। सुबह मंगला आरती के समय सफेद रंग, दोपहर की आरती के दौरान हल्का नीला रंग और शाम की आरती के दौरान गुलाबी रंग का शिवलिंग दिखाई देता है। मंदिर की प्राचीन और मान्यता के कारण यहां हजारों लोग सावन के सोमवार को आकर आराधना करते हैं। मान्यता है कि राजाखेड़ा के एक साहूकार इस शिवलिंग को मध्यप्रदेश की नर्मदा नदी से लाए थे। इस शिवलिंग की स्थापना राजाखेड़ा में होनी थी। रात में विश्राम के दौरान वे राजपुर चुंगी क्षेत्र में रुके। सुबह बैलगाड़ी से लेकर शिवलिंग को ले जाने लगे तब बैलगाड़ी चल नहीं सकी और शिवलिंग बैलगाड़ी से गिरकर जमीन पर स्थापित हो गया। काफी प्रयास के बाद भी शिवलिंग वहां से नहीं उठा। जिसके बाद इस जगह पर राजेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।