Reopening of Taj: पर्यटकों को नहीं रहेगा कोई खतरा, ताजमहल में दोपहर और शाम को होगा सैनिटाइजेशन
Reopening of Taj 21 सितंबर को 188 दिन की बंदी के बाद खुलेगा स्मारक। सैनिटाइजेशन के लिए एएसआइ ने मंगाई हैं पांच स्प्रे मशीनें।
आगरा, जागरण संवाददाता। 188 दिन की रिकॉर्ड बंदी के बाद ताजमहल 21 सितंबर से खुलने जा रहा है। कोविड-19 के संक्रमण काल में खुलने जा रहे स्मारक में दोपहर और शाम को सैनिटाइजेशन किया जाएगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने इसके लिए पांच स्प्रे मशीनें मंगाई हैं।
आगरा में पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहने वाले ताजमहल को खोलने की तैयारियों में एएसआइ जुटा हुआ है। स्मारकों में प्रवेश से पूर्व सैलानियों की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ उनके हाथ सैनिटाइज कराए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे स्मारक को दिन में दो बार सैनिटाइज किया जाएगा। इसके लिए एएसआइ ने पूर्वी गेट, पश्चिमी गेट, ताजमहल के फोरकाेर्ट-उद्यान और चमेली फर्श के लिए बैटरी चालित स्प्रे मशीनों की व्यवस्था की है। एक मशीन बैकअप के लिए रहेगी। दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच और शाम को स्मारक बंद होने के बाद सैनिटाइजेशन किया जाएगा।
स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) में दिए दिशा-निर्देशों पर आधारित स्टैंडी व बोर्ड पर्यटकों के लिए तैयार कराए गए हैं। इसी तरफ फोटोग्राफरों और गाइडों के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के स्टैंडी व बोर्ड तैयार कराए गए हैं। इन्हें स्मारक के गेटों व स्मारक परिसर में प्रमुख जगहों पर लगाया जाएगा। गाइड को पर्यटक के साथ ही प्रवेश मिलेगा। स्मारक में फोटोग्राफरों की भीड़ न हो, इसलिए उन्हें चार ग्रुपों में बांटा गया है। वो ग्रुप के अनुसार सुबह और दोपहर के स्लॉट में काम करेंगे। इससे फोटोग्राफर का नंबर एक दिन बाद आएगा। ताजमहल में 466 लाइसेंसी फोटोग्राफर हैं।
अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि लोगों को असुविधा से बचाने को अधिक से अधिक जगह पर स्टैंडी व बोर्ड लगाए जाएंगे। ताजमहल खोलने को जोर-शोर से तैयारी की जा रही है।