विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुना एक्सप्रेसवे पर आलू के भाव को लेकर सपाइयों ने किया प्रदर्शन, एक लेन रोकी तो पुलिस से नोकझोंक; चार कार्यकर्ता हिरासत में

By Gajendra Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 09 Mar 2026 08:09 PM (IST)

समाजवादी पार्टी ने आगरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर आलू के गिरते दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेताओं ने आलू के ...और पढ़ें

प्रदर्शन के बाद एसडीएम एत्मादपुर को ज्ञापन देते सपाई।

प्रदर्शन के बाद एसडीएम एत्मादपुर को ज्ञापन देते सपाई।

जागरण संवाददाता, आगरा। आलू की इस बार बंपर पैदावार और लगातार गिरते दामों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रदर्शन किया। वे आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे थे। एक्सप्रेसवे की एक लाइन को आलू के कट्टे डालकर नेताओं ने अवरुद्ध कर दिया। इस पर पुलिस से तीखी तकरार हुई।

आलू के गिरते दामों से परेशान किसानों के समर्थन में सोमवार दोपहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टोल की लाइन नंबर नौ पर आलू के कट्टे फैलाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता दोपहर करीब एक बजे यमुना एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पहुंच गए। यहां कार्यकर्ताओं ने टोल की लाइन नंबर नौ से गुजर रहे वाहनों को रोक दिया और सड़क पर आलू के कट्टे फैला दिए। इस दौरान सरकार विरोधी नारेबाजी भी की गई।

टोल कर्मचारियों और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार और एसडीएम एत्मादपुर सुमित सिंह भी मौके पर पहुंच गए।

अधिकारियों के समझाने के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा ने कहा कि इस समय किसान आलू के गिरते दामों से बेहद परेशान हैं। बाजार में आलू मात्र 100 रुपये प्रति कट्टा बिक रहा है, जबकि एक कट्टा आलू तैयार करने में करीब एक हजार रुपये की लागत आ रही है।

उन्होंने राष्ट्रपति से किसानों के हित में आलू पर 1800 रुपये प्रति कट्टा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करने की मांग की। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए सरकार को अनुदान की व्यवस्था करनी चाहिए।

टोल प्लाजा इंचार्ज तुलसीराम गुर्जर ने बताया कि आगरा से नोएडा जाने वाली लाइन नंबर 9 को करीब 15 मिनट के लिए प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया था। इस दौरान वाहनों को दूसरी लाइनों से निकाला गया।

वहीं एसीपी देवेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार और टोल प्रबंधन की तहरीर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह उर्फ राकेश बघेल, मनोज कुशवाह सहित 11 लोगो के खिलाप प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले मे पुलिस ने चार लोगो को भी हिरासत मे लिया है।