मुलायम के गढ़ में सपा की जिला कार्यकारिणी भंग, आखिर क्या रहे कारण
शुक्रवार को राष्ट्रीय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव का फूंका था पुतला। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कार्यकारिणी किया भंग।
आगरा, जेएनएन। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से ठीक पहले सपा ने अपने मैनपुरी जिला संगठन पर बड़ी कार्रवाई कर डाली। जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा सहित पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम द्वारा जारी इस आदेश में हालांकि कार्रवाई की वजह का उल्लेख नहीं किया गया है, परंतु इसके शुक्रवार को हुए प्रो. रामगोपाल यादव के पुतला दहन से जोड़कर देखा जा रहा है।
सपा ने गुरुवार को मैनपुरी लोकसभा सीट से पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव को प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद से सांसद तेज प्रताप यादव की टिकट कटने को लेकर तरह- तरह की चर्चाएं चलना शुरू हो गईं। शुक्रवार को सपा और बसपा का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया था। एक तरफ सम्मेलन चल रहा था वहीं दूसरी तरफ पार्टी के कुछ युवा कार्यकर्ताओं ने सांसद तेज प्रताप यादव को टिकट न दिए जाने पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रो. रामगोपाल यादव का पुतला भी दहन किया था। इसके बाद रविवार दोपहर में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने जिला कार्यकारिणी भंग करने का आदेश जारी कर दिया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी भी इसकी एक अहम वजह रही। जिलाध्यक्ष से पार्टी का एक धड़ा लंबे समय से नाराज चला आ रहा था। अब नये जिलाध्यक्ष को लेकर कयासों के दौर शुरू हो गए हैं। पार्टी के मजबूत खेमे अपने-अपने दावेदार को पद दिलवाने की कसरत में जुट गए हैं। हालांकि माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है, ऐसे में पार्टी नेतृत्व जल्द ही नये जिलाध्यक्ष की घोषणा कर देगा। जिससे कार्यकारिणी गठित हो जाए और चुनाव का काम गति पकड़ सके। निवर्तमान जिलाध्यक्ष खुमान सिंह वर्मा ने बताया के पार्टी के निर्देशानुसार ही कार्रवाई की जाएगी।