Pollution से बढ़ गया कारोबार, मास्क की बिक्री में हुआ 200 फीसद इजाफा Agra News
हर रोज आगरा में बिक रहे हजारों मास्क। काला और सफेद मास्क सबसे ज्यादा बिक रहा दिल्ली जाने वाले भी खरीद रहे मास्क।
आगरा, जागरण संवाददाता। बढ़ते प्रदूषण ने ताजनगरी की आबो-हवा को जहरीला बना दिया है। चेतावनियां जारी हो रहीं हैं। डाक्टर्स सलाह दे रहे हैं। लोग खुद को इस प्रदूषण से बचाने के लिए मास्क खरीद रहे हैं। स्थिति यह हो गई है कि दीपावली के बाद से अब तक मास्क की बिक्री में 200 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
हवा में फैले प्रदूषण ने ताजनगरी के वांशिदों को बीमार करना शुरू कर दिया है। डाक्टरों के पास ऐसे मरीजों की संख्या में हर दिन इजाफा हो रहा है, जो प्रदूषण के कारण किसी ना किसी बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसे में डाक्टरों ने लोगों को मास्क लगाने की सलाह दी है। इस सलाह का असर यह हुआ है कि जहां हर दिन पूरे शहर में बा-मुश्किल 100 मास्क भी नहीं बिकते थे, वहीं अब एक दुकान से 200 मास्क तक बिक रहे हैं।
शहर में 4500 रिटेल दुकानें
आगरा शहर में मेडिकल की 4500 के आसपास रिटेल दुकानें हैं। थोक की दुकानों की बात करें तो इनकी संख्या 650 के आसपास है। रिटेल की दुकानों पर मास्क की बिक्री 200 प्रतिशत तक बढ़ गई है। अब तक संक्रमण से जूझ रहे मरीज ही मास्क पहनते थे। आज के समय में ताजनगरी में निकलने वाले सैंकड़ों लोग हर रोज घर से मास्क पहनकर निकलते हैं।
कई वैरायटी हैं मास्क की
कई तरह के मास्क बाजार में उपलब्ध हैं। एक हरे रंग का सामान्य मास्क आता है, जिसकी थोक में कीमत दो रुपये है। रिटेल में यह 10 से 20 रुपये के बीच बिक रहा है। इसे एक दिन के लिए ही पहना जाता है। इसके बाद एक मास्क काले और सफेद रंग का आता है, इसकी रिटेल में कीमत 20 से 40 रुपये के बीच है। थोक में इसकी कीमत 10 रुपये है। यह पांच से छह दिन तक चल जाता है। सबसे ज्यादा लोग इन दोनों मास्क को ही खरीद रहे हैं। कुछ लोग स्वाइन फ्लू के समय पहना जाने वाला एन 95 मास्क भी खरीद रहे हैं। यह मास्क 250 से 300 रुपये के बीच रिटेल में बिक रहा है। थोक में इसकी कीमत लगभग 90 रुपये है। इस मास्क को 15 दिनों तक इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें फिल्टर लगा हुआ है।
दिल्ली जाने वाले भी खरीद रहे मास्क
बाग फरजाना स्थित वर्मा मेडिकल स्टोर के संचालक जगदीश वर्मा बताते हैं कि हमारे पास ऐसे कई लोग आते हैं, जो दिल्ली जाने से पहले मास्क का पूरा डिब्बा खरीद लेते हैं। कई लोगों को महंगे मास्क पसंद आ रहे हैं तो किसी को सामान्य हरे वाले।
क्या कहते हैं डाक्टर्स
इस प्रदूषण से बचने के लिए मास्क काफी कारगर सिद्ध हो रहा है। प्रदूषण कम मात्रा में सांस द्वारा शरीर में पहुंच रहा है। लोग घर से बाहर निकलने से पहले मास्क जरूर पहनें।
- डा. सुनील बंसल, फिजीशियन
मास्क बिक्री का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। दीपावली के बाद से इसमें काफी इजाफा हुआ है। दिल्ली एनसीआर में फैले प्रदूषण के बाद अपने शहर में भी स्थिति काफी चिंताजनक है। ऐसे में मास्क खरीदने के लिए बहुत लोग हमारे पास आ रहे हैं।
- सुरेंद्र अग्रवाल, सन्मति मेडिकल, फुव्वारा