UP News: आगरा में कटा गोवंश मिलने पर हिंदू महासभा का हंगामा, पुलिस की सूझबूझ से टला विवाद
Agra एत्माद्दौला के सुशील नगर में गोकशी की घटना पर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच कर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया और अभियोग दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
आगरा, जागरण संवाददाता: नवरात्र पर गोकशों ने शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। एत्माद्दौला के सुशील नगर में गोकशी की घटना पर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंच कर हंगामा किया। जानकारी होने पर अधिकारी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। मामले में अभियोग दर्ज किया गया है।
घटना गुरुवार सुबह करीब चार बजे की है। सुशील नगर में गुफा वाली जगह के पास कटी हुई गाय मिलने की सूचना मिली। अखिल भारत हिंदू महासभा पदाधिकारियों समेत दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गोकशों का पता लगा उनकी गिरफ्तारी को लेकर हंगामा शुरु कर दिया। पदाधिकारियों का कहना था कि गोकशों ने साजिश के तहत माहौल बिगाड़ने के लिए गोकशी की है।
पुलिस पर उठाया सवाल
महासभा के पदाधिकारी थाना और चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। आरोप लगाया कि जिन थाना क्षेत्रों में गोकश रहते हैं, वहां पर पुलिस सक्रिय नहीं है। यदि वह उनके खिलाफ कार्रवाई करती तो गोकशों का इतना दुस्साहस न होता।
आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश हुआ शांत
मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त छत्ता सर्किल आरके सिंह ने कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। गोकशों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश शांत हुआ। मामले में पुलिस ने जितेंद्र कुशवाह की तहरीर पर गोकशों के खिलाफ नामजद अभियोग दर्ज किया है।
24 घंटे की मोहलत, आंदोलन की चेतावनी
अखिल भारत हिंदू महासभा ने गोकशों को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का समय दिया है। गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। आंदोलन की चेतावनी देने वालों में संजय जाट, मीना दिवाकर, विशाल कुमार, शंकर श्रीवास्तव,दीपक यादव, पप्पू बघेल, केशव कुशवाह आदि थे।
इनका कहना है
गोकशी के मामले में अभियोग दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। -आरके सिंह सहायक पुलिस आयुक्त