RTI: धूमधाम से तो मना ली जन्माष्टमी, अब दो कान्हा का जन्म प्रमाण पत्र
विलासपुर के भक्त ने प्रशासन से मांगी जानकारी। एक अन्य आरटीआइ में आरएसएस के पंजीकरण का ब्योरा मांगा।
आगरा: तीन सितंबर को धूमधाम से मथुरा में कृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई थी। एक भक्त ने अब सूचना के अधिकार से कान्हा का जन्म प्रमाण पत्र मांगा है। प्रशासन के लिए ये प्रमाण पत्र सिरदर्द बन गया है। सूचना के अधिकार के तहत लोग अजीबो गरीब सवाल पूछने लगे हैं, जिनके जवाब दे पाना संबंधित विभाग के लिए पेचिदा विषय बनता जा रहा है।
जैनेंद्र कुमार गेंदले (ग्राम गुमा, पोस्ट बिटकुली, जिला विलासपुर, बिहार) ने 18 सितंबर को भेजे अपने आवेदन में लिखा है कि तीन सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। भारत सरकार ने राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया। तीन सितंबर को मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया था। श्रीकृष्ण का जन्म प्रमाण पत्र की प्रमाणित कॉपी और भगवान होने का प्रमाणित दस्तावेज उपलब्ध कराएं।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान नगर निगम क्षेत्र में हैं। आमतौर पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र नगर निगम से ही जारी होते हैं। जिला सूचना अधिकारी कार्यालय से मांगी सूचना का प्रार्थना पत्र निगम कार्यालय भेज दिया गया है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान एक ट्रस्ट होने के कारण संस्थान आरटीआइ एक्ट के दायरे से बाहर है। अफसरों की चिंता ये है कि ऐसे में जन्म प्रमाणपत्र किस तरह से जारी किया जाए। हालांकि निगम के अपर नगर आयुक्त सुशील अग्रवाल कहते हैं कि श्रीकृष्ण जन्म के प्रमाण पत्र मांगने का प्रकरण अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है।
आरएसएस का पंजीकरण कब और कहां हुआ
कोसी(मथुरा) निवासी दीपक चौधरी ने 19 सितंबर को सूचना मांगी है कि आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) क्या भारतीय संविधान के मुताबिक रजिस्टर्ड है? उसका पंजीयन नंबर क्या है? आरएसएस के पंजीकरण होने के जवाब को लेकर संंबंधित अधिकारी तय नहीं कर पाए हैं कि इसकी जानकारी कहां से ली जाए।
नहीं दी जाएगी सूचना
एडीएम कानून व्यवस्था/नोडल अधिकारी जन सूचना, रमेश चंद के अनुसार दोनों ही प्रकरणों में ऐसा कोई अभिलेख प्रशासन के पास नहीं है। इसलिए मांगी गई सूचना उपलब्ध नहीं कराई जा सकती है।