विधानसभा चुनाव के लिए आज ताकत दिखाएंगे रालोद मुखिया जयंत, फतेहपुर सीकरी में स्वाभिमान सभा
राष्ट्रीय लोकदल की स्वाभिमान सभा आज फतेहपुर सीकरी के जैंगारा में आयोजित होगी, जिसमें पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी मुख्य अतिथि ...और पढ़ें

जयंत चौधरी।
HighLights
रालोद की स्वाभिमान सभा आज फतेहपुर सीकरी के जैंगारा में।
जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करेंगे।
सभा में 50 हजार लोगों की भीड़ जुटने का दावा।
जागरण संवाददाता, आगरा। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की स्वाभिमान सभा सोमवार को फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के जैंगारा स्थित गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होगी। सभा को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। इसमें पार्टी के सांसद, विधायक और मंत्री भी शामिल होंगे। रालोद नेताओं ने सभा में 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का दावा किया है।
जैंगारा के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज मैदान में होगा आयोजन
सभा की तैयारियों को लेकर रालोद नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्या राज सिंह और कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में नुक्कड़ सभाएं कर ग्रामीणों से स्वाभिमान सभा में पहुंचने की अपील की। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष ब्रजेश चाहर ने कहा कि सभा में कम से कम 50 हजार लोग शामिल होंगे। उन्होंने इसे ऐतिहासिक बनाने का दावा किया।
फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांवों में नुक्कड़ सभाएं कर ग्रामीणों से की अपील
पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर और नरेंद्र बघेल ने भी सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। डॉ. रूपेश चौधरी, चौधरी गोपीचंद, महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, आलोक चौधरी, युवा रालोद के प्रदेश महामंत्री मयंक खिरवार और डा. खेम सिंह राजपूत ने संयुक्त रूप से युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। स्वाभिमान सभा के प्रभारी मनवीर सिंह चिकारा ने रविवार को सभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
