CoronaVirus Alert: आगरा से हरिद्वार, देहरादून जाना है तो ये खबर आप के काम की है
CoronaVirus Alert उत्तराखंड सीमा में प्रवेश पर लगा प्रतिबंध पुरकाजी बार्डर तक जा रही बसें। आगरा से जाने वाली बसों के चालक परिचालक यात्रियों से पहले ही हरिद्वार जाने की मना कर देते हैं। इसके बाद भी जो बस में सवार हो जाते हैं उनको नियम बता दिया जाता है।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण ने गंभीर रूप अपनाना शुरू कर दिया है। इसके चलते हर राज्य सतर्कता बरत रहा है। उत्तराखंड में इन दिनों कुंभ की रौनक है, जिसक कारण वहां का प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। उत्तराखंड में आने वाले यात्रियों के लिए काेविड निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता कर दी गई है। आगरा से सवारियां लेकर जाने वाली बसों को पुरकाजी बार्डर पर रोक लिया जाता है। यहां से हरिद्वार 35 से 40 किलोमीटर दूर है। इससे आगे वही यात्री जा सकते हैं, जिनके पास कोरोना निगेटिव रिपोर्ट होगी।
आगरा से जाने वाली बसों के चालक, परिचालक यात्रियों से पहले ही हरिद्वार जाने की मना कर देते हैं। इसके बाद भी जो बस में सवार हो जाते हैं, उनको नियम बता दिया जाता है। साथ ही पुरकाजी बार्डर तक ही बस जाएगी ये भी बता दिया जाता है। आरएम मनोज पुंडीर ने बताया कि हरिद्वार दो बसें सुबह आठ और नौ बजे आइएसबीटी से जाती हैं, जबकि एक बस रात को 10 बजे जाती हैं। वहीं शाम को दो पिंक बस एक सात बजे, दूसरी साढ़े आठ बजे देहरादून जाती हैं। सभी बसें उत्तराखंड के पुरकाजी बार्डर तक जा रही हैं। इससे आगे उन्ही यात्रियों को जाने दिया जा रहा है, जिनके पास कोरोना निगेटिव रिपोर्ट है। फिलहाल हरिद्वार, देहरादून के लिए सीधे बसें अग्रिम आदेशों तक बंद कर दी गई है।