सोसायटियों में अचानक से आया बड़ा बदलाव: घरेलू गैस सिलिंडर नहीं अब PNG पर भरोसा, 5000 नए कनेक्शन जोड़े
आगरा की बहुमंजिला सोसायटियों में उपभोक्ता एलपीजी के बजाय पीएनजी को प्राथमिकता दे रहे हैं, क्योंकि यह सुविधाजनक है और ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
उपभोक्ता आगरा की सोसायटियों में एलपीजी के बजाय पीएनजी पसंद कर रहे हैं
अप्रैल से अब तक 5000 नए पीएनजी कनेक्शन जोड़े गए
मार्च 2027 तक 10,000 पीएनजी कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया
जागरण संवाददाता, आगरा। बहुमंजिला सोसायटियों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की ओर उपभोक्ताओं का रुझान बढ़ रहा है। एलपीजी के मुकाबले पीएनजी के खर्च में बहुत अधिक अंतर नहीं है। दोनों में करीब 70 से 80 रुपये का ही अंतर आता है। वहीं, लगातार आपूर्ति मिलने के कारण उपभोक्ता पीएनजी को सुविधाजनक भी मान रहे हैं। हाल में जब एलपीजी की उपलब्धता को लेकर काफी समस्या आ रही थी। ब्लैक में सिलिंडर मिल रहे थे।
तब पीएनजी उपभोक्ताओं को आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं हुई थी। और पीएनजी का उत्पादन भी ज्यादा है। 31 मार्च तक 10 हजार पीएनजी कनेक्शन जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
31 मार्च 2027 तक 10 हजार पीएनजी कनेक्शन करने का रखा लक्ष्य
जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि शहर की सोसायटियों में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने और एलपीजी से उपभोक्ताओं को पीएनजी पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया लगातार चल रही है। पीएनजी की सुविधा उपलब्ध होने वाली सोसायटियों में एलपीजी इस्तेमाल कर रहे उपभोक्ताओं को लगातार नोटिस दिए जा रहे हैं। दो दिन पहले भी तीन सोसायटियों में नोटिस दिए गए हैं। कई कंपनियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने और इसके इस्तेमाल की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- आज का मौसम: चक्रवात अर्नब से सर्दी का अहसास, स्कूल-कॉलेज बंद, बचाव को आगरा प्रशासन की एडवाइजरी जारी
सोसायटियों को पीएनजी में किया जा रहा है शिफ्ट
आनंद कुमार ने बताया कि शहर में करीब 364 सोसायटियां हैं। इनमें जहां पीएनजी उपलब्ध है, वहां एलपीजी उपभोक्ताओं का चिह्नित किया जा रहा है। और पीएनजी में शिफ्ट किया जा रहा है। इसके लिए ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) और तेल विपणन कंपनियों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है।
नोटिस देने के साथ ही उपभोक्ताओं को पीएनजी के फायदे और कनेक्शन की प्रक्रिया के बारे में भी बताया जा रहा है। लोग भी सहमति बना रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार अप्रैल से अब तक करीब 5000 नए पीएनजी कनेक्शन किए जा चुके हैं।
