Ayodhya Case: कोर्ट के फैसले पर बोले रामगोपाल, सुप्रीम कोर्ट का फैसला सराहनीय Agra News
सपा के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने दिया बयान। बोले वर्षों से चले आ रहे राजनीतिक मुद्दे का हो गया समापन।
आगरा, जेएनएन। अयोध्या प्रकरण पर आए फैसले पर सपा भी संयम बरत रही है। पार्टी के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि फैसला सराहनीय है।
रामगोपाल यादव शनिवार दोपहर में मैनपुरी के भोगांव के गांव गोविंदपुर में रुई पशु मेला के संस्थापक रामऔतार दारोगा की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। यहां पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के साथ वर्षो से चले आ रहे राजनीतिक मुद्दे का अंत हो गया। यह निर्णय सराहना के योग्य है और जजों ने निर्णय देकर साहस का परिचय दिया है।
प्रो. रामगोपाल ने केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा। आर्थिक मुद्दे पर केंद्र सरकार को फेल बताया। गठबंधन के सवाल पर कहा कि सपा भविष्य में किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी। गठबंधन से सपा को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार पर भी हमला बोला। कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नही है। प्रदेश सरकार ने रामपुर में चुनाव जीतने के लिए सांसद आजम खां व उनके परिवार पर फर्जी मुकदमे लादे हैं।