प्रोफेसर रामगोपाल ने साधा पीएम पर निशाना, बोले मोदी ने नहीं किया राजधर्म का पालन
नामांकन के बाद सपा कार्यालय पर हुई जनसभा। प्रोफेसर ने भाजपा और सांसद ने शिवपाल पर कसा तंज।
आगरा, जेएनएन। सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने महाभारत का जिक्र करते हुए कहा कि जो राजधर्म का पालन नहीं करते हैं, उनकी हमेशा हार होती है। जिस प्रकार कौरवों ने राजधर्म का पालन नहीं किया, उसी प्रकार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नहीं निभाया।
शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर सपा और बसपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रोफेसर ने कहा कि भाजपा के लोग अधर्म की नीति अपनाकर सिर्फ राजगद्दी को देख रहे हैं। जनता की तरफ उनका ध्यान नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी कहा था कि मोदी ने राज धर्म का पालन नहीं किया। जनता सब जानती हैं। इस महासमर में सभी बुजुर्ग, युवा अपना आशीर्वाद दें, जिससे एक ही तीर से सारे दुश्मनों का विनाश हो जाए।
सांसद अक्षय यादव ने चाचा शिवपाल पर तंज कसते हुए कहा कि बड़ों का काम नौजवानों को आगे बढ़ाने का होता है। उन्होंने एक भतीजे को आशीर्वाद नहीं दिया, तो दूसरे को तो दे देते, लेकिन कोई बात नहीं है। इस दौरान राज्यसभा सांसद जाविद अली खां, एमएलसी डॉ. दिलीप यादव, जिलाध्यक्ष सुमन देवी सविता, बसपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश वरुण, अवनींद्र यादव, विजय आर्या, डॉ. इंद्रपाल आदि मौजूद रहे। संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष रामसेवक यादव ने किया।