UP Weather 2018: बारिश की बूंदों ने बढ़ा दी सर्दी, थमी ट्रेनों की रफ्तार
बुधवार सुबह शुरू हुई बारिश ने बढ़ा दी गलन। स्कूलों की हुई छुट्टी तो किसानों के चेहरे भी खिले। कई ट्रेनें हुईं रद।
आगरा, जेएनएन। बुधवार की सुबह भीगते मौसम के साथ जब हुई तो लोगों को रजाई से निकलने के साथ गलन और सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम की करवट से स्कूलों की छुट्टी हुई तो किसानों के चेहरे भी खिल गए। हालांकि ट्रेन का सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण कई ट्रेन देरी से चलने के कारण यात्रियों को घंटों तक स्टेशन पर ही इंतजार करना पड़ा।
बुधवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे से हल्की बूंदाबादी शुरू हो गई थी। कुछ ही देर में बारिश तेज हो गई। जिसके चलते स्कूलों में रेनी डे हो गया। करीब आठ बजे बारिश तेज हो गई थी। आधा घंटा बारिश तेज पडऩे के बाद हल्की होती गई। इसके बाद बादलों में से धूप हल्की चमकने लगी। वहीं साढ़े दस बजे करीब बूंदाबादी फिर शुरू हो गई। सर्द मौसम की पहली बरसात के बाद गलन और ठंडी हवाएं बढ़ गई हैं। अभी तक लोगों ने गर्म कपड़े पूरी तरह नहीं निकाले थे। आज सुबह हुई बारिश के बाद से लोगों के टोपे और मफलर भी निकल आए।
सर्दी और कोहरे से सुस्त हुई रेलवे, यात्री हुए परेशान
बुधवार को सर्दी और कोहरा बढऩे से ट्रेनों की रफ्तार भी सुस्त हो गई। इस कारण कई ट्रेन देरी से चली। कैंट सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ रही। सभी ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए। रेलवे ने 13 दिसंबर से 15 फरवरी तक के लिए कई ट्रेनों को रद किया है। कुछ की फ्रीक्वेंसी कम की गई है तो कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला गया है।
बुधवार को दिल्ली से आने वाली ताज एक्सप्रेस 45 मिनट देरी से आई। दिल्ली से आने वाली भोपाल शताब्दी 48 मिनट देरी से आई। कर्नाटक एक्सप्रेस 12 मिनट देरी से चली। नई दिल्ली- पॉन्डिचेरी सुपर फास्ट दो घंटा 43 मिनट देरी से और गतिमान पांच मिनट देरी से चली। वहीं लखनऊ- आगरा फोर्ट इंटरसिटी, ग्वालियर-आगरा कैंट पैसेंजर, बयाना-आगरा कैंट, ईदगाह-भरतपुर, ईदगाह-बांदीकुई पैसेंजर को दो माह के लिए रद कर दिया गया है। इसके अलावा जबलपुर-नई दिल्ली श्रीधाम एक्सप्रेस, सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस भी रद रहेगी।
इलाहाबाद- जयपुर एक्सप्रेस मथुरा से जयपुर के बीच नहीं चलेगी। हावड़ा-श्री गंगानगर एक्सप्रेस हावड़ा-आगरा कैंट के बीच आंशिक रूप से निरस्त रहेगी। पटना कोटा एक्सप्रेस आगरा के बजाय फरुखाबाद-कासगंज होते हुए मथुरा और अछनेरा के रास्ते चलेगी।
15 तक रद रहेगी ग्वालियर पैसेंजर
पलवल- बीना खंड में मेंटीनेंस का काम रेलवे द्वारा किया जाना है। इसके चलते बुधवार (12 दिसंबर) और 15 दिसंबर को ग्वालियर- आगरा कैंट पैसेंजर और आगरा कैंट-ग्वालियर पैसेंजर रद रहेगी। आगरा कैंट-झांसी पैसेंजर उक्त तिथियों में अपने निर्धारित समय सुबह 6:50 बजे की बजाय 55 मिनट के विलंब से 7:45 बजे आगरा कैंट स्टेशन से रवाना होगी।
झांसी पैसेंजर का समय बदला
झांसी- आगरा कैंट पैसेंजर अब झांसी से शाम 6:15 की जगह शाम चार बजे, ग्वालियर से रात 8:35 की जगह शाम 6:10 बजे चलेगी। यह आगरा कैंट स्टेशन पर रात 11:40 की बजाय रात 9:30 बजे पहुंचेगी। आगरा-कैंट झांसी पैसेंजर आगरा कैंट स्टेशन से सुबह छह के बजाय सात बजे, ग्वालियर से सुबह 8:38 बजे की बजाय 9:42 बजे और झांसी में सुबह 11:25 बजे के बजाय सुबह 11:55 बजे पहुंचेगी।
रिमझिम बारिश से किसानों के चेहरे खिले
मथुरा क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम बदल गया । ठंड बढ़ गई। बूंदाबांदी से गेहूं किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं मैनपुरी में सुबह बूंदाबांदी से सरसों की फसल पर माहू कीट खत्म होने की संभावना देखी जा रही है। इसके बाद मौसम में उतार चढ़ाव हुआ तो माहू आ जाएगा। हालांकि बरसात आलू के लिए फायदेमंद है, लेकिन इससे मेंड ठोस हो जाएगी। आलू का साइज छोटा हो सकता है। जिन किसानों ने पानी लगा दिया है, उसमें जड़ गलन और माहू आ सकता है। यही स्थिति मटियार मिट्टी वाली सरसों की सिंचाई किए जाने पर बनेगी। गेहूं, जौ, मटर और सब्जियों की फसल को यह मौसम अनुकूल है।
बादलों ने बढ़ा दिया प्रदूषण का स्तर
सुबह से छाए बादल और हल्की बूंदा-बांदी के कारण शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। हवा में सूक्ष्म कणों की अधिकता हो गई। पीएम 2.5 का स्तर भी बेहद बढ़ गया।