राजा मंडी- आगरा फोर्ट स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार खुलेंगे
साधारण टिकट काउंटर साइड वाले प्रवेश द्वार बंद होने से यात्रियों को हो रही परेशानी
जागरण संवाददाता, आगरा: रेलवे लगातार ट्रेनों की संख्या बढ़ा रहा है। ऐसे में यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। राजा मंडी स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन के संचालन के बाद यात्री दोगुने हो गए हैं। ऐसे में स्टेशन का साधारण टिकट काउंटर साइड का प्रवेश द्वार बंद होने के चलते यात्रियों को परेशानी हो रही है। इसी तरह फोर्ट स्टेशन पर भी एक साइड का गेट बंद है।
रेलवे ने आगरा-दिल्ली इंटरसिटी का संचालन शुरू कर दिया है। इस ट्रेन से बड़ी संख्या में राजा मंडी स्टेशन से यात्री सवार होते हैं। अभी स्टेशन पर जाने के लिए देहली गेट साइड के गेट से ही प्रवेश मिल रहा है। न्यू राजा मंडी की तरफ से प्रवेश बंद है। इस कारण सुबह छह बजे इंटरसिटी ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्हें कई किलोमीटर घूमकर स्टेशन आना पड़ रहा है। इसी तरह आगरा फोर्ट स्टेशन पर भी जामा मस्जिद साइड वाला गेट बंद है। ईदगाह स्टेशन का भी पुलिस लाइन की ओर वाला प्रवेश द्वार बंद है। इस कारण यात्रियों को बहुत परेशानी हो रही है। जिन यात्रियों को गेट बंद होने की जानकारी नहीं होती है, उनकी ट्रेन भी छूट जाती है। इन सभी स्टेशनों पर गेट खुलवाने की मांग यात्रियों ने की है। आगरा रेल मंडल के पीआरओ एसके श्रीवास्तव का कहना है कि साधारण टिकट बिक्री काउंटर बंद होने के चलते उस तरफ के गेट बंद थे। अभी साधारण टिकट की बिक्री शुरू नहीं हुई है, लेकिन प्रवेश गेटों को खोल दिया जाएगा। प्रवेश गेट खुलने से लोग सुगमता से स्टेशन पहुंच सकेंगे और उनकी ट्रेन भी नहीं छूटेगी।