केंद्रीय हिंदी संस्थान के निदेशक पद की जिम्मेदारी प्रो. मिश्र को, शोध का है लंबा अनुभव
प्रो. हितेंद्र कुमार मिश्र ने केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाला है। उन्हें अध्यापन, शोध और भाषा विकास का 28 वर्षों से अधिक का अनुभव है और वे हिंदी के वैश्विक विस्तार पर जोर देंगे।

प्रो. हितेंद्र कुमार मिश्र ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण किया।
जागरण संवाददाता, आगरा। केंद्रीय हिंदी संस्थान (KHS) को नया निदेशक मिल गया है। प्रो. हितेंद्र कुमार मिश्र ने शुक्रवार को संस्थान के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाला, जो कि 16 मई 2027 तक रहेगा। वह वर्तमान में शिक्षा मंत्रालय के केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक भी हैं।
इसके अलावा वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग के अध्यक्ष और राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास है। प्रो. मिश्र को अध्यापन, शोध, भाषा विकास और उच्च शिक्षा प्रशासन का 28 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
वह पूर्वोत्तर पर्वतीय विश्वविद्यालय, शिलांग के हिंदी विभाग में प्रोफेसर रहने के साथ विभागाध्यक्ष और मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। प्रो. मिश्र की विषय विशेषज्ञता में आधुनिक हिंदी साहित्य, पत्रकारिता एवं जनसंचार, भाषाविज्ञान, पाली भाषा-साहित्य, पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति एवं साहित्य और हिंदी भाषा नीति शामिल हैं।
उनके निर्देशन में अब तक दो दर्जन से अधिक शोधार्थी अपना शोध कार्य पूरा कर चुके हैं। इसके अलावा वे भारत सरकार की कई सहकारी समितियों से भी जुड़े हुए हैं।
त्रिनिदाद से जर्मनी तक हिंदी का किया प्रतिनिधित्व
हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए त्रिनिदाद एवं टोबैगो और जर्मनी में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। उन्हाेंने कहा कि हिंदी को विदेशी विद्यार्थियों तक पहुंचाने, भारतीय भाषाओं के बीच संवाद बढ़ाने और हिंदी के वैश्विक विस्तार पर काफी जोर रहेगा। इसके अलावा आधुनिकता और संस्थान में चल रही योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
नियुक्ति को लेकर भी चर्चा
इससे पहले केंद्रीय हिंदी संस्थान के निदेशक पद पर प्रो. हरिशंकर थे। उनकी कार्यशैली को लेकर भी संस्थान में कई बार सवाल उठे। ऐसे में उनको पद से हटाए जाने के कारणों को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।