Acid Attack: आगरा में प्रेमी पर एसिड अटैक करने वाली आरोपित सोनम के कमरे से पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
हरीपर्वत के खंदारी में गुरुवार को हुई थी घटना। युवती के तेजाब फेंकने से प्रेमी हुई मौत सोनम को निजी अस्पताल से निकालकर एसएन मेडिकल कॉलेज में किया गया शिफ्ट। सोनम के कमरे की तलाशी ली। इसमें एक लीटर का डिब्बा मिला है। इसकी तली में तेजाब था।
आगरा, जागरण संवाददाता। हरीपर्वत के खंदारी में शास्त्री नगर में गुरुवार की सुबह प्रेमिका ने युवक को तेजाब से जला दिया था। इससे युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित प्रेमिका के कमरे की तलाशी ली। वहां से कुछ साक्ष्य भी जुटाए हैं। वहीं आरोपित सोनम को प्राइवेट अस्पताल से एसएन में शिफ्ट किया गया है। पुलिस उस पर नजर रख रही है।
कासगंज के सहावर थाना क्षेत्र निवासी देवेंद्र खंदारी में किराए पर कमरा लेकर रहता था। वह एक पैथोलाजी में लैब असिस्टेंट था। औरेया के थाना अजीतमल की रहने वाली सोनम से उसकी दोस्ती थी। सोनम के मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि वह देवेंद्र को अपना पति बताती थी। देवेंद्र की शादी दूसरी युवती से तय हो गई थी। उसकी अगले महीने बरात जानी थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर सोनम ने बुधवार की रात को देवेंद्र को कमरे पर अपना पंखा सही करने के बहाने बुलाया था। गुरुवार की सुबह उस पर तेजाब डाल दिया। इससे बुरी तरह झुलसे देवेंद्र को दिल्ली गेट स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से सफदरगंज रेफर कराके ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
इंस्पेक्टर हरीपर्वत अरविंद कुमार ने बताया कि देवेंद्र की मां ने सोनम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शुक्रवार को सोनम के कमरे की तलाशी ली। इसमें एक लीटर का डिब्बा मिला है। इसकी तली में तेजाब था। उसके कमरे से देवेंद्र के जले हुए जूते भी बरामद किए हैं। वहीं सोनम के स्वजन भी यहां पहुंच गए हैं। उन्होंने भी पुलिस से संपर्क किया है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत अरविंद कुमार ने बताया कि देवेंद्र ने मृत्यु पूर्व दिए गए बयान में सोनम पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया है।