पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति राजपाल यादव पर एससी एक्ट का मुकदमा Agra News
फिश पार्लर संचालक ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप। ताजगंज थाना क्षेत्र की घटना चार अन्य साथी भी शामिल।
आगरा, जागरण संवाददाता। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव के पति राजपाल यादव को फिश पार्लर पर दबंगई भारी पड़ गई। संचालक ने ताजगंज थाने में उनके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और एससी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें उनके चार अज्ञात साथी भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला रविवार रात का है। ताजगंज क्षेत्र में फतेहाबाद रोड के पास शहीद नगर निवासी आनंद सोनकर के फिश पार्लर पर राजपाल यादव अपने चार साथियों को लेकर कार से पहुंचे थे। पूर्व की उधारी को लेकर संचालक ने उनसे भुगतान करने को कहा। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि राजपाल यादव और उनके साथियों ने फिश पार्लर संचालक के साथ मारपीट की। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। आनंद ने पुलिस को कॉल किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही राजपाल अपने साथियों के साथ वहां से भाग गए। आनंद ने सोमवार को थाना ताजगंज में तहरीर दे दी। पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की जांच की। आरोप सही पाने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर ताजगंज अनुज कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में राजपाल यादव का कहना है कि विरोधियों ने साजिश के तहत फंसाया है। लगाए गए आरोप सही नहीं हैं।
ऑडियो से भी हो रही घटना की पुष्टि
घटना के बाद सोमवार को एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें राजपाल यादव और आनंद सोनकर की बातचीत है। ऑडियो में राजपाल रविवार रात को हुई घटना को लेकर माफी मांग रहे हैं। आनंद ने यह ऑडियो भी पुलिस को सौंप दी है।