राम जन्मभूमि पर निर्णय से पूर्व कृष्ण जन्मभूमि पर सर्तकता, चप्पे चप्पे पर है सुरक्षा व्यवस्था Agra News
कमिश्नर के आदेश पर मथुरा में बढ़ाई गई पुलिस। सिविल वर्दी में तैनात होने के आदेश।
आगरा, जेएनएन। आयुक्त आगरा मंडल अनिल कुमार ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राम जन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय आने से पूर्व मथुरा की सुरक्षा व्यवस्था को चेक कर लिया जाए।
सभी एसडीएम व क्षेत्रधिकारी पुलिस के साथ मिलकर निरंतर अपने क्षेत्रों में भ्रमण करें और साथ ही क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों से मिलकर शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए क्षेत्रवार शांति समितियों की बैठक करें। प्रत्येक संवेदनशील स्थान को पूर्व में चयनित कर सुरक्षा व्यवस्था की योजना बनाकर अधिकारियों की तैनाती कर दी जाए। भारी संख्या में सिविल वर्दी में पुलिस की व्यवस्था की जाए तथा इंटेलीजेंस को भी सतर्क कर दिया जाए।
प्रत्येक गांव में लेखपाल व नायब तहसीलदार आदि अपने क्षेत्र में भ्रमण करें तथा क्षेत्र की स्थिति के संबंध में संबंधित उप जिलाधिकारी व क्षेत्रधिकारी को अवगत कराते रहें। पुलिस द्वारा अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया जाए। प्रत्येक संभावित खतरे को दृष्टिगत रखते हुए योजना बनाई जाए।
पुलिस महानिरीक्षक ए सतीश गणोश ने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर विशेष ध्यान रखा जाए। अफवाह फैलाने की शिकायत पर तत्काल कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी प्रतिष्ठित मंदिरों, धार्मिक गुरुओं व व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिये। जिले में लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरों का एक बार निरीक्षण कर लिया जाए। जिले को सेक्टरों में विभाजित करके सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर ली जाए तथा उनके साथ पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी जाए। इसके अलावा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों तथा एंटीराइट यंत्रों को ठीक रखने के भी निर्देश दिए।