Lockdown में देखें कैसे बदलते रहे PM Modi अपना लुक, हर तस्वीर कुछ कहती है
जनता कर्फ्यू से लेकर लॉकडाउन 2 की घोषणा तक हर बार बदलता रहा है पीएम मोदी का लुक। हर लुक के साथ देते हैं पीएम संदेश।
आगरा, तनु गुप्ता। यूं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तित्व दूसरों को हमेशा ही आकर्षित करता रहा है। फिर चाहे उनका प्रधानमंत्री बनने के पहले दौर में पहना गया लाखों का कोट हो या फिर अब लॉकडाउन के दौरान गमछे का इस्तेमाल। उनका हर लुक अवसर के अनुरूप रहा है। वो कुछ बोलें उससे पहले ही उनका लुक मौका, परिस्थिति और समय की नजाकता को दर्शा देता है। कोरोना वायरस के कारण लगे जनता कर्फ्यू से लेकर लॉकडाउन 2 की घोषणा तक में हर बार प्रधानमंत्री का लुक चर्चा में रहा। हर बार उनके पहनावे ने वक्त की मांग को दर्शाया। अब जब मंगलवार सुबह एक फिर से प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित किया तो उनके संजीदा लुक ने ध्यान फिर खींच लिया। इसके बाद उनके ट्वीटर हैंडल पर उनका गमछे को मास्क की तरह प्रयोग करने का तरीका देशी लुक और जरूरत दोनों को दर्शा रहा था। आइए तस्वीरों में देखते है लॉकडाउन के दौरान पीएम के वो चार लुक जो बने चर्चा का कारण।
लॉकडाउन 2 का लुक
मंगलवार सुबह देश को संबोधित करने आए प्रधानमंत्री ने मास्क की जगह गमछे से ही अपना चेहरा ढक रखा था। संबोधन के वक्त इसे उतारकर गले में लपेट लिया। संबोधन के लिए आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पारंपरिक तौर पर उपयोग किए जाने वाले गमछा से अपने मुंह व नाक को ढका हुआ था। उनके गमछे का रंग सफेद था और इसमें बॉर्डर लाल व काले रंग की धारियों से बनाया गया था। संबोधन के शुरुआत में उन्होंने अभिवादन करते हुए नमस्कार कहा और फिर गमछे को नाक से हटाकर गले में लपेट लिया।
ट्वीटर पर गमछे से मुंह ढंके पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने के महत्वपूर्ण ऐलान के तुरंत बाद ही सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल तस्वीर को बदल दिया। उन्होंने लोगों के बीच जागरुकता के लिए यह महत्वपूर्ण फैसला लिया। गमछे वाली इस तस्वीर के साथ उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने तमाम अकाउंट्स की प्रोफाइल तस्वीर बदल दी है। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने लोगों को संदेश दिया था कि कोविड-19 से बचने के लिए पहना जाने वाला मास्क जरूरी नहीं कि मेडिकल दुकानों से ही खरीदा जाए। इसे घर में भी कपड़े की मदद से बना सकते हैं या फिर गमछा, स्कार्फ या फिर दुपट्टे का इस्तेमाल कर सकते हैं।
5 अप्रैल लुक
पांच अप्रैल को रात 9 बजे 9 मिनट पर दीपदान के दौरान का पीएम मोदी का लुक तो सोशल मीडिया पर बहुत ही ज्यादा पसंद किया गया था। टीवी पर पीएम को जब लोगों ने नीले कुर्तें, सफेद लुंगी और सफेद गमछा में टीवी पर सादगी के साथ दीप जलाते देखा तो बस हर तरफ चर्चाओं का दौर चल पड़ा। उनके गमछे पर कथई रंग की धारियां बनी थी। उनका यह पूरा लुक उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी का प्रतिनिधित्व कर रहा था। गंगा किनारे का एक साधारण ईश्वर भक्त उनके उस लुक में नजर आ रहा था। पीएम के इस लुक ने लोगों को उनसे जोड़ा। उनकी सादगी ने आम जनमानस का दिल जीत लिया।
जनता कर्फ्यू लुक
कोरोना वायरस के देश में पैर पसारने की शुरुआत में जब 22 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता कर्फ्यू के लिए देश को संबोधित किया उस वक्त उनका लुक बेहद शांत था। चिंता उनके चेहरे पर थी लेकिन यकीन भी था कि जनता कर्फ्यू और लॉकडाउन से स्थिति नियंत्रण में आ जाएगी। इसलिए गमछे और मास्क से इतर वो सफेद कुर्ता और नीले जैकेट में देश से मुखातिब हुए।