वसंत के लिए तीन माह पहले फूलों की प्लानिंग, महक उठेगा दयालबाग Agra News
दयालबाग की राधानगर कॉलोनी में लहलहा रहे फूल। वसंत के लिए विशेष तौर पर लगाए जाते हैं पौधे।
आगरा, जागरण संवाददाता। वसंतोत्सव में दयालबाग को पीले रंग से सजाने की तैयारियां एक-दो दिन पहले नहीं, बल्कि तीन महीने पहले शुरू हो चुकी हैं। वसंत पर घरों के बाहर क्यारी और गमलों में पीले फूल लहलहाएं, इसलिए समयबद्ध तरीके से पौधे रोपे गए।
वसंत पंचमी में भले ही सात दिन शेष हैं। दयालबाग में इस वसंतोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। पूरा दयालबाग पीले रंग से सजाया जा रहा है। मगर, पीले फूलों की तैयारी यहां पर तीन माह पहले ही हो गई है। दयालबाग की राधानगर कॉलोनी में प्रवेश करते ही हर तरफ पीले फूल दिखाई देने लगे हैं। वसंत पंचमी पर यह नजारा और भी मोहक हो जाएगा। ऐसा कोई घर नहीं होगा, जिसके बाहर फूल न खिल रहे हों।
कॉलोनी की पूर्व सरपंच आनंद सिन्हा ने बताया कि वसंत के लिए तीन महीने पहले तैयारी की जाती है। क्या सजावट होगी, कैसे सजाया जाएगा, इस पर सभी लोगों से चर्चा होती है। पूरी कॉलोनी में फूलों के पौधे लगाए जाते हैं, जो वसंत में खिल जाएं।
स्थानीय निवासी मनीष वर्मा ने बताया कि पूरी कॉलोनी एक जैसी दिखाई दे, इस पर खासी मेहनत की जाती है। घरों की सजावट के साथ दीवारों को भी आकर्षक तरीके से सजाया जाता है।
यह पौधे लगाए गए
राधा नगर में वसंत के लिए सबसे ज्यादा गेंदे के पौधे लगाए गए हैं। इसके साथ सूर्यमुखी, पेंसी, पिटूनिया के पौधे भी लगे हैं जिनमें फूल निकल रहे हैं।
आएंगे आधा दर्जन देशों से अनुयायी, होगा लाइव टेलीकास्ट
वसंतोत्सव में देश-विदेश से हजारों लोग दयालबाग आएंगे, जो लोग नहीं आ पाएंगे, वह वसंतोत्सव का सजीव प्रसारण देख सकेंगे।
दयालबाग में वसंतोत्सव में हर साल करीब 20 हजार लोग बाहर से आते हैं। इस बार भी ऐसी ही संभावना जताई जा रही है। सत्संग सभा की देश-विदेश में 424 ब्रांच हैं। हर ब्रांच से लोग यहां आते हैं, जो लोग नहीं आ पाते उनके लिए ब्रांच में यहां से लाइव टेलीकास्ट किया जाता है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।
इन देशों से आएंगे अनुयायी
वसंतोत्सव में देश के कोने-कोने से अनुयायी आएंगे। इसमें अमेरिका, आस्ट्रेलिया, दुबई, सिंगापुर, कनाडा, जर्मनी, यूके सहित सभी सत्संग ब्रांच से लोग आएंगे। कुछ लोग तो आ भी गए हैं। इनके ठहरने का इंतजाम दयालबाग में किया गया है।