फोटोयुक्त होगी एमएलसी की वोटर लिस्ट, होने लगीं अभी से तैयारियां Agra News
26 फरवरी 2020 को जारी होगी अधिसूचना 23 मार्च को मतदान। एक बूथ पर 800 से 1400 वोटर होंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा खंड स्नातक / शिक्षक निर्वाचन-2020 की वोटर लिस्ट फोटोयुक्त होगी। वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का अभियान एक अक्टूबर से शुरू होगा, जो 30 दिसंबर तक चलेगा। 26 फरवरी 2020 को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी और 23 मार्च को मतदान होगा।
आगरा खंड में 12 जिले आते हैं। यह चुनाव छह साल में होता है। वर्तमान में जगवीर किशोर जैन (एमएलसी-शिक्षक) और डॉ. असीम यादव (एमएलसी-स्नातक) हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, आगरा भारत सिंह ने बताया कि एक बूथ पर 800 से 1400 वोटर होंगे। वोटर लिस्ट के ईआरओ कमिश्नर अनिल कुमार हैं। अपर आयुक्त प्रशासन सहायक निर्वाचन अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन कमिश्नर कोर्ट में होंगे। पोस्टल बैलेट से मतदान होगा।
वर्ष 2014 के चुनाव की स्थिति
- 12 जिलों में 2.44 लाख स्नातक मतदाता और 245 मतदेय स्थल थे।
- 12 जिलों में 26790 शिक्षक मतदाता और 145 मतदेय स्थल थे।
- दोनों में 44.76 फीसद मतदान हुआ था।