आगरा में एकतरफा प्यार में छात्रा को गोली मार की खुदकशी
आरोपी छात्रा पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा (जागरण संवाददाता)। एत्मादपुर के गांव धौर्रा में बुधवार को एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने छात्रा को मंदिर के अंदर गोली मार दी। फिर खुद के सीने में गोली मारकर खुदकशी कर ली। आरोपी छात्रा पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धौर्रा निवासी बारहवीं में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा से गांव का शेर सिंह एकतरफा प्यार करता था। छात्रा के मुताबिक रामबाग स्थित एक अस्पताल का कंपाउंडर शेर सिंह स्कूल जाते समय उसका पीछा कर परेशान करता था। अक्सर रास्ता रोककर शादी को दबाव बनाता। इसकी जानकारी परिजनों को देने पर उन्होंने शेर सिंह के परिवार से शिकायत की।
इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा था। बुधवार दोपहर एक बजे छात्रा शिव मंदिर में पूजा करने गई थी। इसी दौरान शेर सिंह भी वहां पहुंच गया, उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। उसने इन्कार कर घर जाकर परिजनों से शिकायत करने की बात कही। इस पर शेर सिंह ने तमंचा निकाला और उसके सीने में गोली मार दी।
इसके बाद खुद के सीने में भी गोली मार ली, वहां से लड़खड़ाते हुए घर की ओर चला गया। मंदिर में फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े। छात्रा को खून से लथपथ पड़ा देख परिजनों को बताया। उसे एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, बाद में दिल्ली गेट स्थित अस्पताल ले गए।
यह भी पढ़ें: लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लुटेरों का आतंक, दो कारों में दिया लूट को अंजाम
शेर सिंह घायल हालत में किसी तरह घर तो पहुंच गया, लेकिन कमरे में गिर गया। उसने पिता चंद्रभान को अपने गोली लगने की जानकारी दी। वह उसे लेकर पहले रामबाग इसके बाद दिल्ली गेट स्थित अस्पताल पहुंचे। वहां से एसएन रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर एत्मादपुर जयकरन सिंह ने बताया छात्रा के पिता ने शेर सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें: मंदिर मामले पर मुसलमानों से होश में आने की बात कहूंगा : स्वामी