आगरा कैंट स्टेशन पर यात्री ने किया ऐसा काम, दौड़ पड़े अफसर Agra News
प्लेटफार्म के वीआइपी वेटिंग रूम की खिड़की का शीशा तोड़ पेट में घोंपा। अंतरराष्ट्रिय क्रिकेटर और रेलकर्मी केके शर्मा की तत्परता से बाल बाल बची जान।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब एक यात्री ने स्टेशन के वीआइपी वेटिंग रूम की खिड़की का शीशा तोड़कर अपने पेट में घोंप लिया। वो तो गनीमत रही कि मुख्य टिकट निरीक्षक सामान्य और पूर्व अंतरराष्ट्रिय क्रिकेटर केके शर्मा ने बिना देरी किये यात्री के हाथ से कांच का टुकड़ा छीन लिया। वरना अनहोनी हो सकती थी।
मामला बुधवार दोपहर का है। आगरा कैंट स्टेशन पर एक तरफ स्वच्छता पखवाड़े के तहत रंगकर्मी अनिल जैन द्वारा निर्देशित नाटक का मंचन चल रहा था। स्टेशन डायरेक्टर,मुख्य टिकट निरीक्षक सामानय और पूर्व अंतरराष्ट्रिय क्रिकेटर केके शर्मा, सीटीआइएस राशिद जमील आदि रेलकर्मी वहीं मौजूद थे। तभी कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन आई। ट्रेन से उतरकर एक यात्री प्लेटफार्म के वीआइपी वेटिंग रूम की तरह चला गया। तभी जोरदार आवाज हुई। केके शर्मा आवाज की ओर दौड़े और देखा कि वेटिंग रूम की खिड़की में लगा शीशा यात्री ने घूंसा मारकर तोड़ दिया था। शीशे का एक नुकीला टुकड़ा उसके हाथ में लगा हुआ था। हाथ खून से सन गए थे। कांच के टुकड़े को वो अपने पेट में घोंपने ही वाला था कि तभी केके शर्मा ने तत्परता दिखाकर उसे रोक लिया। राशिद जमील और केके शर्मा ने उसके हाथ से कांच का टुकड़ा लेकर फेंक दिया। पूछताछ में यात्री ने अपना नाम बलराम निवासी कर्नाटक बताया। उसके पास इसी नाम पते का आधार भी था। स्टेशन पर ही उसे प्राथमिक उपचार देकर रेलवे हॉस्पिटल की एंबुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। केके शर्मा ने बताया कि यात्री बातों से काफी परेशान लग रहा था। वो बार बार कह रहा था कि कोई उसे मार डालेगा। बताया जा रहा है कि यात्री मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और बैंगलुरू में रहकर सिलाई का काम करता है।