'बुढ़ापे का चैलेंज' पसंद कर रहे लोग, इस एप ने मचा रखा है सोशल मीडिया पर धमाल Agra News
फेस एप के जरिए यूजर तैयार कर रहे अपनी बुढ़ापे की तस्वीर। फोटो देखकर खुश हो रहे यूजर।
आगरा, जागरण संवाददाता। अभी तक सोशल मीडिया पर अपने आप को जवान और खूबसूरत दिखाने की यूजर्स में होड़ होती थी। मगर, पिछले कुछ दिनों से 'बुढ़ापा' छा गया है। जो लोग अभी जवान हैं, वो अपने झुर्रियों वाले फोटो अपलोड कर रहे हैं। आम लोगों को छोडि़ए, बड़े-बड़े सेलिब्रेटी भी अपने आप को बूढ़ा देखकर खुश हो रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फेस एप का इस्तेमाल कर यूजर्स बुढ़ापे की फोटो बना रहे हैं। यह एप एंड्रायड और आइओएस दोनों वर्जन में है। एंड्रायड यूजर्स के लिए इस एप का साइज करीब 24 एमबी है। अभी तक 10 करोड़ से ज्यादा बार यह एप इंस्टॉल किया जा चुका है। इस एप को इंस्टॉल करने के बाद यूजर ओल्ड फिल्टर के जरिए अपने अलग-अलग उम्र के फोटो बना रहे हैं। इसमें फिल्मी सितारे भी पीछे नहीं हैं। फिल्म स्टार अर्जुन कपूर ने इस एप से तैयार किया अपना फोटो शेयर किया है। आलम यह है कि सोशल मीडिया पर इस एप से तैयार किए गए फोटो की बाढ़ सी आ गई है। ताजनगरी के यूजर भी इस एप का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। इसमें अधिकतर युवा हैं। बुढ़ापे के फोटो पर उन्हें अलग-अलग तरह के कमेंट भी मिल रहे हैं।
झुर्रियां बिल्कुल वास्तविक
यह फोटो इतने वास्तविक दिख रहे हैं कि यह पता करना मुश्किल हो रहा है कि यह एप से बनाए गए हैं। झुर्रियां हो या सफेद बाल सब वास्तविक लग रहे हैं। लोग अपने बुढ़ापे के फोटो देखकर खुश हो रहे हैं। हालांकि एप की लोकप्रियता के बाद इसमें यूजर की प्राइवेसी को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
ऐसे करता है काम
अपने बुढ़ापे का फोटो बनाने के लिए यूजर को सबसे पहले यह एप डाउनलोड करना होगा। परमीशन ओके करने के बाद आपको गैलरी, फेसबुक, कैमरा का ऑप्शन नजर आएगा। किसी एक को सलेक्ट कर आगे बढ़ाना होगा। फोटो पसंद करने या नई फोटो लेने के बाद आयु का विकल्प आएगा। उस विकल्प पर टैब करने के बाद ओल्ड या यंग पर टैब करेंं। इसके बाद फोटो कन्वर्ट होने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।