Donald Trump India Visit: ट्रंप के स्वागत की तैयारियां जोरों पर, अमेरिकी एडवांस टीम भी आगरा पहुंची
मंगलवार सुबह अफसरों खेरिया एयरपोर्ट से लेकर शिल्पग्राम तक का किया निरीक्षण।
आगरा, जागरण संवाददाता। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगमन को देखते हुए मंगलवार सुबह पुलिस प्रशासन के अफसरों ने खेरिया एयरपोर्ट से लेकर शिल्पग्राम तक का निरीक्षण किया। अफसरों ने सफाई व्यवस्था रोड के निर्माण स्मार्ट सिटी के कार्य रंगाई पुताई सहित अन्य की जांच की।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सोमवार देर रात ही एडवांस टीम आगरा पहुंच गई थी। यह टीम होटल में ठहरी है। जहां मंगलवार सुबह टीम के अधिकारियों और भारतीय विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ कुछ देर बाद बैठक शुरू होने जा रही है। यह बैठक एक से डेढ़ घंटे तक चलेगी फिर अमेरिका के एडवांस टीम और विदेश मंत्रालय के अफसर संयुक्त रूप से ताजमहल से लेकर खेरिया एयरपोर्ट तक का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद फिर से बैठक होगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 4:10 पर आगरा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक का निरीक्षण करेंगे। फिर सर्किट हाउस में बैठक होगी। यह बैठक एक घंटे तक चलेगी। शाम सात बजे मुख्यमंत्री आगरा से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए ईदगाह, माल रोड, फतेहाबाद रोड पर युद्ध स्तर पर कार्य चल रहे हैं। डीएम प्रभु एन सिंह ने मंगलवार सुबह संबंधित अफसरों की बैठक बुलाई। बैठक में संबंधित विभागों को जो भी कार्य आवंटित किए गए थे उनकी समीक्षा की जाएगी। इस समीक्षा के रिपोर्ट को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
एडवांस टीम ने पहले भी किया था दौरा
राष्ट्रपति ट्रंप के आगरा आगमन की संभावना 15 जनवरी को ही बन गई थी। क्योंकि अमेरिकन एडवांस टीम ने उस दिन यहां आकर ताजमहल परिसर और उसके आसपास के इलाके का निरीक्षण किया था। तभी से ट्रंप के आगरा आने की चर्चाएं शुरू हुई थीं, हालांकि उनके फाइनल प्रोग्राम के जारी होने का इंतजार किया जा रहा था।