जेल में जम्मू-कश्मीर के बंदियों पर और सख्त हुआ तीसरी नजर का पहरा, ये है कारण Agra News
हाई सिक्योरिटी सेल और विशेष बैरक में लगे उच्च तकनीकी क्षमता के सीसीटीवी कैमरे। जेल के अंदर और बाहर नजर रखने के लिए भी बढ़ाई गई कैमरों की संख्या।
आगरा, जागरण संवाददाता। केंद्रीय कारागार में निरुद्ध जम्मू-कश्मीर के बंदियों की हर हरकत पर जेल-प्रशासन की नजर रहेगी। हाई सिक्योरिटी सेल और विशेष बैरक में उच्च तकनीकी क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद वहां सक्रिय अलगाववादी नेताओं को उत्तर प्रदेश की जेलों में शिफ्ट किया गया था। सेंट्रल जेल में आठ अगस्त को पहली शिफ्ट में 26 बंदियों को भेजा गया था। इन्हें हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया।
22 अगस्त को 30 बंदी दूसरी शिफ्ट में भेजे गए। जबकि 27 और बंदियों को पांच सितंबर को यहां भेजा गया। इनमें कश्मीर के प्रमुख अलगाववादी नेता गिलानी का करीबी भी रखा गया है। इनमें 30 बंदियों को हाई सिक्योरिटी जबकि अन्य को विशेष बैरक में रखा गया है। इन्हें यहां निरुद्ध सजायाफ्ता बंदियों से अलग रखा गया है। इसके अलावा जेल के अंदर और परिसर के बाहर नजर रखने के लिए भी अलग से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।