UP Block Pramukh Chunav 2021: आगरा में नामांकन कल, बसपा मैदान से बाहर, सपा ठोंक रही ताल, भाजपा ने झोंकी ताकत
UP Block Pramukh Chunav 2021 कल दोपहर तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर दावेदारों ने जोड़तोड़ शुरू कर दी है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों पर डोरे डाले जा रहे हैं। इसमें भाजपा सबसे आगे है।
आगरा, जागरण संवाददाता। ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव के लिए आठ जुलाई को नामांकन प्रक्रिया होगी। जिले के 15 प्रमुख पदों के लिए विकास खंड कार्यालय में ही नामांकन होंगे। इसके लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। इसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर दावेदारों ने जोड़तोड़ शुरू कर दी है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों पर डोरे डाले जा रहे हैं। इसमें भाजपा सबसे आगे है।
आगरा के 15 ब्लाकों के 1257 क्षेत्र पंचायत सदस्य 15 ब्लाक प्रमुखों का चुनाव करेंगे। भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की तरह से इन पदों पर भी अपने अधिक से अधिक प्रत्याशियों को निर्विरोध चुनाव जीताना चाहती है। इसके लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों से संपर्क साध, उनका समर्थन जुटा रहे हैं। भाजपा पदाधिकारियों के कई रिश्तेदार चुनाव मैदान में होंगे। वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तरह से ब्लाक प्रमुख का चुनाव न लड़ने का एलान किया है। जिलाध्यक्ष विमल कुमार वर्मा के अनुसार, उनकी पार्टी इस चुनाव में भी अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारेगी। इधर, समाजवादी पार्टी सभी 15 ब्लाकों पर अपने प्रत्याशी उतारने का दावा कर रही है।हालांकि ऐसा होता नहीं दिख रहा। दरअसल, जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में प्रत्याशी न उतारे जाने पर नेतृत्व ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। जिलाध्यक्ष पर इसकी गाज भी गिरी। ऐसे में स्थानीय स्तर पर कोशिश की जा रही है कि सभी ब्लाकों में वह अपने प्रत्याशी उतार सके। इधर, जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध जीतने के बाद भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।