नौ दिन की आराधना का हुआ समापन, पूजी कन्या, गूंजे माता के जयकारे Agra News
देवी मंदिरों में उमड़ा भक्तों का रेला। सुख-समृद्धि को प्रार्थना। सड़कों पर दिखे बच्चों के टोल। मां की होती रही जय-जयकार।
आगरा, जेएनएन। नौ दिन की उपासना का समापन कंजक पूजन कर माता को विदाई देकर हुआ। भोर से मध्यान तक माता की जयकार और कन्या लांगुरा को पूजने का दौर चलता रहा। इसी के साथ नवदुर्गा की नौ दिनों की साधना पूर्ण हुई।
सोमवार को नवमी पूजन के साथ नवरात्र का समापन हो गया। घर-घर में कन्या-लांगुरों का पूजन कर दक्षिणा और उपहार दिए गए। देवी मंदिरों में भी सुबह से ही मां की जय-जयकार होने लगी। देर रात तक देवी मंदिर भक्तों से गुलजार रहे। मंदिरो में भी मां की महिमा का गुणगान होता रहा। जगह-जगह आयोजित जागरण में भक्त झूमते रहे।
सोमवार को नवमी पूजन के लिए सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का रेला उमडऩे लगा। घर-घर में कन्या-लांगुरों का पूजन कर दान-दक्षिणा और उपहार दिए। सुबह से शाम तक देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह भक्तों ने मां का पूजन किया और शाम को श्रृंगार के दर्शन किए। देर रात तक देवी मंदिरों में श्रद्धा की अविरल धारा बहती रही। भक्त मां से घर में सुख-समृद्धि को प्रार्थना करते रहे। श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में मां का पूजन किया गया। महोत्सव में मां की जय-जयकार होती रही। रात में जगह-जगह आयोजित जागरणों में मां की महिमा का गुणगान हुआ।